TGT भर्ती 2026: 17,735 पदों पर आरक्षण को लेकर दुष्प्रचार निराधार, बोले प्रशांत कुमार

TGT भर्ती 2026: 17,735 पदों पर आरक्षण को लेकर दुष्प्रचार निराधार, बोले प्रशांत कुमार

TGT भर्ती 2026: 17,735 पदों पर आरक्षण को लेकर दुष्प्रचार निराधार, बोले प्रशांत कुमार

प्रयागराज, 27 अक्टूबर। टीजीटी के 17,735 पदों पर भर्ती में आरक्षण की व्यवस्था शासन के निर्धारित नियमों के अनुरूप और पूरी पारदर्शिता के साथ लागू की गई है। अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रत्येक विद्यालय को एकल इकाई मानकर आरक्षण के नियम लागू होते हैं। ऐसे में भर्ती में आरक्षण को लेकर सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा दुष्प्रचार तथ्यहीन और भ्रामक है। यह जानकारी उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने दी।

उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और भर्ती से जुड़ी प्रामाणिक जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।

डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों से विद्यालयवार, विषयवार और श्रेणीवार रिक्त पदों का विवरण एकत्र कर आयोग को उपलब्ध कराया था। इसी आधार पर भर्ती के पदों का निर्धारण किया गया है। इन विद्यालयों में प्रत्येक विद्यालय एकल इकाई के रूप में मान्य है और संबंधित विद्यालय का प्रबंध तंत्र ही नियुक्ति प्राधिकारी होता है। इसलिए प्रत्येक विद्यालय में स्वीकृत पदों की संख्या के आधार पर आरक्षण के निर्धारित नियम लागू किए जाते हैं। आरक्षण पूरे प्रदेश के कुल पदों को एक साथ जोड़कर लागू नहीं किया जाता।

उन्होंने कहा कि आयोग ने शासन के निर्धारित प्रावधानों के तहत भर्ती विज्ञापन जारी किया है। इससे पहले भी विज्ञापन संख्या 01/2022 और 02/2022 के तहत भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी कराई गई थी। वर्तमान भर्ती में भी नियमों का पालन करते हुए पारदर्शिता और निष्पक्षता का ध्यान रखा गया है।

शासन ने भी स्पष्ट की स्थिति

आयोग के अध्यक्ष ने बताया कि भर्ती में आरक्षण को लेकर शासन की ओर से भी आधिकारिक सोशल मीडिया मंच 'ई-ज्ञान गंगा-यूपी' पर वस्तुस्थिति स्पष्ट की गई है। उन्होंने अभ्यर्थियों से कहा कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी भ्रामक पोस्ट को बिना पुष्टि के साझा न करें। भर्ती से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए आयोग की आधिकारिक वेबसाइट को ही आधार बनाएं।

भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

टीजीटी-पीजीटी भर्ती की नियमावली में बदलाव के विरोध और पुरानी नियमावली बहाल करने की मांग को लेकर प्रयागराज में मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे प्रदर्शन कर रहे लगभग 200 छात्र शिक्षा निदेशालय में प्रवेश कर गए। इस दौरान बैरिकेडिंग तोड़ने, कार्यालयों में ताला लगाने का प्रयास करने, कुर्सियां तोड़ने और नारेबाजी करने की सूचना है। इसके बाद अभ्यर्थियों ने परिसर में ही धरना शुरू कर दिया।

अभ्यर्थी सोमवार से शिक्षा निदेशालय के सामने धरना दे रहे थे। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने पुरानी नियमावली बहाल करने और भर्ती में एक और अवसर देने की मांग उठाई। उनका कहना है कि मांगों पर ठोस और लिखित निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

इससे पहले अभ्यर्थियों ने 5 से 23 सितंबर 2026 तक पत्थर गिरजाघर पर धरना दिया था। 19 दिन तक चले आमरण अनशन को जिला प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त कराया गया था।

23 नवंबर तक कर सकते हैं आवेदन

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक (टीजीटी) के 17,735 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया है। इसके लिए 24 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो 23 नवंबर तक चलेगी। अभ्यर्थियों को आवेदन करने से पहले विज्ञापन में दिए गए निर्देशों और पात्रता संबंधी शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।