अब सतना नहीं, सगमा-कैमा कॉर्ड लाइन से चलेगी रीवा एक्सप्रेस

अब सतना नहीं, सगमा-कैमा कॉर्ड लाइन से चलेगी रीवा एक्सप्रेस

अब सतना नहीं, सगमा-कैमा कॉर्ड लाइन से चलेगी रीवा एक्सप्रेस

प्रयागराज, 25 अगस्त। आनंद विहार टर्मिनल से रीवा के बीच चलने वाली 12428/12427 आनंद विहार टर्मिनल-रीवा एक्सप्रेस के मार्ग में बदलाव किया गया है। 23 अक्टूबर 2026 से यह ट्रेन सतना स्टेशन के बजाय सगमा-कैमा कॉर्ड लाइन से होकर चलेगी और कैमा स्टेशन पर इसका ठहराव होगा। इससे कैमा क्षेत्र के यात्रियों को इस महत्वपूर्ण ट्रेन की सीधी सुविधा मिल सकेगी।

उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने मंगलवार काे बताया कि रेल प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन के मार्ग में यह बदलाव किया है। उन्होंने बताया कि 23 अक्टूबर से संशोधित समय सारणी के अनुसार ट्रेन का संचालन किया जाएगा। यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के नए मार्ग और समय की जानकारी जरूर देख लेनी चाहिए।

रीवा जाते समय कैमा में पांच मिनट ठहरेगी ट्रेन

गाड़ी संख्या 12428 आनंद विहार टर्मिनल-रीवा एक्सप्रेस प्रतिदिन चलेगी। ट्रेन मानिकपुर स्टेशन पर सुबह 8:33 बजे पहुंचेगी और 8:35 बजे रवाना होगी। इसके बाद सगमा से सुबह 9:47 बजे बिना ठहराव के गुजरेगी। कैमा स्टेशन पर ट्रेन 9:50 बजे पहुंचेगी और 9:55 बजे रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन सुबह 11:10 बजे रीवा पहुंचेगी।

वापसी में भी कैमा में पांच मिनट का ठहराव

वापसी में गाड़ी संख्या 12427 रीवा-आनंद विहार टर्मिनल एक्सप्रेस प्रतिदिन चलेगी। यह रीवा से शाम 4:20 बजे रवाना होगी। ट्रेन कैमा स्टेशन पर 5:10 बजे पहुंचेगी और 5:15 बजे रवाना होगी। इसके बाद सगमा से शाम 5:35 बजे बिना ठहराव के गुजरेगी। मानिकपुर स्टेशन पर ट्रेन 6:55 बजे पहुंचेगी और 6:57 बजे रवाना होगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा करने से पहले ट्रेन के मार्ग, ठहराव और समय की अद्यतन जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। इसके लिए रेलवे की हेल्पलाइन 139 अथवा एनटीईएस (NTES) ऐप का उपयोग किया जा सकता है।