प्रयागराज : स्मार्टफोन से एक मिनट में मिल सकता है जल प्रदूषण का संकेत, प्रकाश से होगी अदृश्य कणों की पहचान

प्रयागराज : स्मार्टफोन से एक मिनट में मिल सकता है जल प्रदूषण का संकेत, प्रकाश से होगी अदृश्य कणों की पहचान

प्रयागराज : स्मार्टफोन से एक मिनट में मिल सकता है जल प्रदूषण का संकेत, प्रकाश से होगी अदृश्य कणों की पहचान

प्रयागराज, 12 नवंबर। देखने में साफ पानी भी प्रदूषित हो सकता है। अब विशेष परीक्षण पट्टी, छोटे प्रकाशीय उपकरण और स्मार्टफोन कैमरे की मदद से एक मिनट से भी कम समय में पानी में मलजनित प्रदूषण का संकेत मिल सकता है। प्रकाश की इस विशेषता का उपयोग गंगा-यमुना के जल की शुरुआती जाँच से लेकर दवाओं की गुणवत्ता, संक्रमण से जुड़े जैविक संकेतकों और पर्यावरण में मौजूद अदृश्य कणों की पहचान तक किया जा सकता है।

आईआईटी मद्रास के इंस्टीट्यूट चेयर प्रोफेसर प्रो. अशोक कुमार मिश्रा ने गुरुवार काे इलाहाबाद विश्वविद्यालय में फ्लोरेसेंस तकनीक की इन्हीं संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग और यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ऑनलाइन रिफ्रेशर कोर्स ‘केमिस्ट्री फॉर लाइफ एंड सस्टेनेबल एम्पावरमेंट’ के नौवें दिन प्रो. मिश्रा ने ‘अंडरस्टैंडिंग फ्लोरेसेंस स्पेक्ट्रोस्कोपी एंड इट्स रेंज ऑफ एप्लीकेशन पोटेंशियल’ विषय पर व्याख्यान दिया। प्रो. अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि फ्लोरेसेंस स्पेक्ट्रोस्कोपी में कुछ अणुओं द्वारा प्रकाश अवशोषित करने के बाद उत्सर्जित प्रकाश का अध्ययन किया जाता है। इस तकनीक की संवेदनशीलता इतनी अधिक है कि पदार्थों की बहुत कम मात्रा का भी पता लगाया जा सकता है।

स्मार्टफोन से पानी में प्रदूषण की शुरुआती पहचान

प्रो. मिश्रा और शोधकर्ता स्वयं प्रकाश ने वर्ष 2025 में ‘केमिस्ट्री-एन एशियन जर्नल’ में प्रकाशित शोधपत्र में जल में मलजनित प्रदूषण से जुड़े यूरोबिलिन और स्टर्कोबिलिन जैसे संकेतक पदार्थों की पहचान में फ्लोरेसेंस की उपयोगिता बताई थी। इसके बाद फरवरी 2026 में स्वयं प्रकाश और जर्मनी के शोधकर्ताओं ने ‘एसीएस सेंसर्स’ में एक पोर्टेबल तकनीक का विवरण प्रकाशित किया। इसमें विशेष परीक्षण पट्टी, छोटे प्रकाशीय उपकरण और स्मार्टफोन कैमरे की मदद से एक मिनट से कम समय में पानी में यूरोबिलिन की पहचान की गई। इस तकनीक को तीन नदियों और एक अपशिष्ट जल शोधन संयंत्र से लिए गए नमूनों पर भी परखा गया।

प्रयागराज में गंगा और यमुना के जल की गुणवत्ता की शुरुआती निगरानी में भविष्य में ऐसी तकनीक उपयोगी हो सकती है। हालांकि, इससे प्रदूषण का प्रारंभिक संकेत ही मिलता है। पानी पीने योग्य है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए विस्तृत वैज्ञानिक परीक्षण जरूरी होंगे।

दवाओं, संक्रमण और राष्ट्रीय सुरक्षा में भी उपयोग

फ्लोरेसेंस आधारित तकनीकों का इस्तेमाल दवाओं के विश्लेषण, उनमें मौजूद अशुद्धियों की पहचान और बैक्टीरिया तथा संक्रमण से जुड़े जैविक संकेतकों के अध्ययन में भी किया जा रहा है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग की मदद से जटिल फ्लोरेसेंस संकेतों का विश्लेषण कर जल की गुणवत्ता की जाँच को अधिक प्रभावी बनाने के प्रयास हो रहे हैं।

राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी इस तकनीक की उपयोगिता बढ़ रही है। डीआरडीओ की ओर से विकसित या अध्ययन की गई पराबैंगनी लेजर आधारित फ्लोरेसेंस तकनीकें हवा में मौजूद कुछ जैविक कणों की दूर से शुरुआती पहचान में सहायक हो सकती हैं। वहीं, ड्रोन और प्रकाशीय सेंसर के संयोजन से बड़े जलक्षेत्रों की पर्यावरणीय निगरानी की जा सकती है। फ्लोरेसेंस से जुड़ी वैज्ञानिक प्रगति का महत्व 2008 में ग्रीन फ्लोरेसेंट प्रोटीन, 2014 में सुपर-रिजॉल्यूशन फ्लोरेसेंस माइक्रोस्कोपी और 2023 में क्वांटम डॉट्स से जुड़े रसायन विज्ञान के नोबेल पुरस्कारों से भी स्पष्ट होता है।

प्रकाश के व्यवहार और शोध की गुणवत्ता पर भी चर्चा

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रो. अरविंद मिश्र ने ‘एन आइडिया ऑफ सम फोटोफिजिकल प्रोसेसेज एंड देयर एप्लीकेशंस’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने प्रकाश के अवशोषण के बाद अणुओं के व्यवहार और फ्लोरेसेंस, आणविक सेंसर, जैविक इमेजिंग तथा उन्नत पदार्थों में इसके उपयोग की जानकारी दी।

पूर्व में गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय से संबद्ध रहे प्रो. आरडी कौशिक ने शोध की गुणवत्ता और शोधपत्र लेखन पर व्याख्यान दिया। उन्होंने शोध की मौलिकता, प्रयोगों के परिणामों की विश्वसनीयता और शोध नैतिकता को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि स्कोपस, वेब ऑफ साइंस, इम्पैक्ट फैक्टर, साइटेशन और एच-इंडेक्स जैसे मानक उपयोगी हैं, लेकिन केवल इनके आधार पर शोध की वास्तविक गुणवत्ता तय नहीं की जा सकती। फर्जी शोध पत्रिकाओं, भ्रामक सूचीकरण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता से तैयार गलत वैज्ञानिक संदर्भों के प्रति भी शोधकर्ताओं को सतर्क रहने की जरूरत है।

संयोग से हुई खोजों ने बदली रसायन विज्ञान की दिशा

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रो. विनोद के. तिवारी, एफआरएससी ने कार्बनिक रसायन विज्ञान में संयोग से हुई महत्वपूर्ण खोजों के उदाहरण दिए। उन्होंने बताया कि वर्ष 1856 में विलियम हेनरी पर्किन कुनैन बनाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन संयोग से उन्होंने बैंगनी रंग मॉवीन की खोज कर दी। इस खोज ने कृत्रिम रंग उद्योग के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी तरह वर्ष 2009 में वैज्ञानिकों ने एक अन्य पदार्थ पर प्रयोग के दौरान चमकीले नीले रंगद्रव्य ‘वाईइनएमएन ब्लू’ की खोज की। ये उदाहरण बताते हैं कि वैज्ञानिक जिज्ञासा और सावधानीपूर्वक अवलोकन से अप्रत्याशित परिणाम भी बड़ी उपलब्धि बन सकते हैं।

16 लाख रुपये से खरीदा जा रहा आधुनिक उपकरण

रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के नेतृत्व और सहयोग से विभाग में आधुनिक फ्लोरेसेंस स्पेक्ट्रोफोटोमीटर की खरीद के लिए 16 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। उपकरण का क्रय आदेश भी जारी हो चुका है। इसके स्थापित होने से एमएससी के विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान तथा प्रयोगात्मक प्रशिक्षण की सुविधा मिलेगी।

पाठ्यक्रम समन्वयक प्रो. विष्णु पी. श्रीवास्तव ने जल की गुणवत्ता, स्वास्थ्य और पर्यावरण जैसी जनसामान्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान में आधुनिक रसायन विज्ञान की भूमिका पर बल दिया। उन्होंने कुलपति, विभागाध्यक्ष और सभी शिक्षकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। इस रिफ्रेशर कोर्स में 19 राज्यों और तीन केंद्रशासित प्रदेशों के 265 शिक्षक प्रतिभाग कर रहे हैं।