एशियाई खेलों में गोल्ड जीतने वाली प्रणवी उर्स को मिलेगा 1 करोड़ का इनाम, टीम की तीनों गोल्फरों पर भी बरसेगा पुरस्कार

महिला व्यक्तिगत गोल्फ में ऐतिहासिक स्वर्ण जीतने वाली प्रणवी उर्स को AM Green IGPL देगा एक करोड़ रुपये। टीम स्पर्धा में रजत जीतने वाली प्रणवी, अदिति अशोक और दीक्षा डागर को 25-25 लाख रुपये मिलेंगे।

एशियाई खेलों में गोल्ड जीतने वाली प्रणवी उर्स को मिलेगा 1 करोड़ का इनाम, टीम की तीनों गोल्फरों पर भी बरसेगा पुरस्कार

नई दिल्ली, 04 अक्टूबर । एशियाई खेलों में महिला व्यक्तिगत गोल्फ स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाली भारतीय गोल्फर प्रणवी उर्स को एएम ग्रीन आईजीपीएल (इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग) की ओर से एक करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रणवी एशियाई खेलों में गोल्फ का व्यक्तिगत स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनी हैं। इसके अलावा महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली भारतीय महिला गेल्फ टीम की प्रणवी उर्स, अदिति अशोक और दीक्षा डागर को व्यक्तिगत रूप से 25-25 लाख रुपये दिए जाएंगे।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने नई दिल्ली के कुतुब गोल्फ कोर्स में आयोजित एक कार्यक्रम में एएम ग्रीन आईजीपीएल, इसकी फ्रेंचाइजी और सहयोगी संगठनों की ओर से मंच से औपचारिक रूप से यह घोषणा की।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारत ने एशियाई खेलों में गोल्फ के स्वर्ण पदक के लिए 24 साल इंतजार किया और प्रणवी ने हमें यह स्वर्ण दिलाया। जिस अंदाज में उन्होंने जीत हासिल की, वह उनके बारे में बहुत कुछ बताता है। अंतिम दौर में एक होल पर उनकी बढ़त कम हो गई थी, फिर भी उन्होंने वापसी की और जीत हासिल की।

उन्होंने कहा कि अदिति, दीक्षा और प्रणवी ने टीम स्पर्धा में भी रजत पदक जीतकर भारतीय महिला गोल्फ के लिए यह दिन खास बना दिया है। उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि एएम ग्रीन आईजीपीएल उन्हें इनाम देने के लिए तुरंत आगे आया है। गोल्फ देखने वाले हर युवा खिलाड़ी को यह पता होना चाहिए कि जब आप देश के लिए अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो लोग आपका समर्थन करते हैं।

अनुराग ठाकुर ने भारतीय गोल्फ के विकास को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा कि प्रणवी जैसे और गोल्फर तैयार करने के लिए स्कूल के बाद खिलाड़ियों के सामने आने वाले अंतर को खत्म करना जरूरी है। कॉलेज, यूनिवर्सिटी या प्रोफेशनल कोर्स में जाने के बाद कई खिलाड़ी अपना ध्यान करियर बनाने पर केंद्रित कर देते हैं।

ठाकुर ने कहा कि एएम ग्रीन आईजीपीएल खिलाड़ियों को ऐसा मंच देने वाली लीग में से एक है, लेकिन देश में ऐसे प्लेटफॉर्म की संख्या अभी कम है। हमें भारतीय गोल्फ के पूरे इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए अधिक निवेश और प्रयास की जरूरत है।

एएम ग्रीन आईजीपीएल के प्रो-एम डे कार्यक्रम में मौजूद प्रणवी की बहन विधार्थी उर्स ने भी उनकी खेल शैली को लेकर बात की। उन्होंने कहा, “पहले दिन से ही मुझे लगता है कि वह आक्रामक खिलाड़ी हैं। वह गेंद को जोर से हिट करना चाहती हैं।

एशियन गेम्स में भारत ने इससे पहले गोल्फ का व्यक्तिगत स्वर्ण पदक 2002 में शिव कपूर के जरिए जीता था। अब प्रणवी ने महिला वर्ग में स्वर्ण जीतकर नया इतिहास रच दिया है।

प्रणवी ने ओलंपियन अदिति अशोक और दीक्षा डागर के साथ महिला टीम स्पर्धा में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया। भारतीय टीम ने कुल 14 अंडर के स्कोर के साथ रजत पदक जीता, जबकि चीन की टीम शीर्ष पर रही।