पीएम मोदी रविवार को वाराणसी में करेंगे अरविंद मिल का उद्घाटन, नमो घाट पर देखेंगे एयर शो
25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे प्रधानमंत्री; मिर्जामुराद में उद्घाटन के बाद नमो घाट पर भारतीय वायु सेना के हवाई प्रदर्शन में होंगे शामिल।
वाराणसी, 24 अक्टूबर । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने शनिवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार, 25 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वाराणसी में बाबतपुर स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। इसके बाद वह हेलिकॉप्टर से वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र में अरविंद मिल का उद्घाटन करने जायेंगे।
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि प्रधानमंत्री उसी हेलिकॉप्टर से पुलिस लाइन आएंगे और प्रधानमंत्री मोदी सड़क मार्ग से चौकाघाट, कज्जाकपुरा होते हुए नमो घाट पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी करीब चार घंटे तक वाराणसी में दो प्रमुख कार्यक्रमों में रहेंगे।
भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने बताया कि नमो घाट पर पहुंचने के रास्ते में विभिन्न स्थानों पर प्रधानमंत्री मोदी का भाजपा कार्यकर्ता स्वागत करेंगे। इसके लिए भाजपा के क्षेत्रीय और महानगर इकाइयों की ओर से स्वागत पॉइंट भी बनाए गए हैं। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी नमो घाट पर भारतीय वायुसेना के एयर शो कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे।