दीपावली-छठ पर पटना-दिल्ली के बीच चलेगी वंदे भारत स्पेशल ट्रेन, प्रयागराज जंक्शन पर भी ठहराव
त्योहारों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे का फैसला, आरक्षित वंदे भारत से बिहार, यूपी और दिल्ली के यात्रियों को मिलेगी सुविधा
प्रयागराज, 21 अक्टूबर। दीपावली और छठ सहित आगामी त्योहारों पर यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पटना और नई दिल्ली के बीच आरक्षित वंदे भारत त्योहार विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन संख्या 02253/02254 के संचालन से बिहार, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। ट्रेन का प्रयागराज जंक्शन पर भी ठहराव निर्धारित किया गया है।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित मालवीय ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे अतिरिक्त यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन कर रहा है। पटना-नई दिल्ली के बीच वंदे भारत विशेष ट्रेन चलने से यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा। इससे त्योहारों पर घर जाने और वापस लौटने वाले यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
पटना से 10 बजे चलेगी ट्रेन
गाड़ी संख्या 02253 पटना-नई दिल्ली आरक्षित वंदे भारत विशेष एक्सप्रेस 24 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को संचालित होगी। यह ट्रेन पटना से सुबह 10 बजे रवाना होकर आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल और अलीगढ़ जंक्शन होते हुए रात 11:30 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।
निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन आरा में सुबह 10:38 से 10:40 बजे तक, बक्सर में 11:25 से 11:27 बजे तक, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पर दोपहर 1:10 से 1:20 बजे तक और प्रयागराज जंक्शन पर दोपहर 3:35 से 3:40 बजे तक रुकेगी। इसके बाद कानपुर सेंट्रल पर शाम 5:50 से 5:55 बजे और अलीगढ़ जंक्शन पर रात 8:53 से 8:55 बजे तक ठहराव होगा।
नई दिल्ली से सुबह 8:35 बजे होगी रवाना
वापसी में गाड़ी संख्या 02254 नई दिल्ली-पटना आरक्षित वंदे भारत विशेष एक्सप्रेस 22 अक्टूबर से 26 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार, मंगलवार और गुरुवार को संचालित होगी। यह ट्रेन नई दिल्ली से सुबह 8:35 बजे रवाना होकर रात 9:30 बजे पटना पहुंचेगी।
रास्ते में ट्रेन अलीगढ़ जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज जंक्शन, पंडित दीनदयाल उपाध्याय से होकर अपने गन्तव्य तक जाएंगी।