कानपुर में कार से 21.709 किलो गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार; तस्करी में इस्तेमाल होंडा कार जब्त

कल्याणपुर में एल्डिको बिल्डिंग के पीछे चेकिंग के दौरान पुलिस की कार्रवाई; इलेक्ट्रॉनिक तराजू, ₹5 हजार नकद और मोबाइल फोन भी बरामद।

कानपुर में कार से 21.709 किलो गांजा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार; तस्करी में इस्तेमाल होंडा कार जब्त

कानपुर, 16 अक्टूबर  कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एल्डिको बिल्डिंग के पीछे तिराहे पर चेकिंग के दौरान कार से गांजा तस्करी कर रहे दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपितों के कब्जे से 21 किलो 709 ग्राम गांजा, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, पांच हजार रुपये और मोबाइल फोन बरामद हुए। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली है।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने शुक्रवार बताया कि मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कल्याणपुर पुलिस और पश्चिम जोन की सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। आईआईटी चौकी पुलिस की टीम एल्डिको बिल्डिंग के पीछे तिराहे पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान जवाहरपुरम की ओर से आ रही संदिग्ध होंडा कार को रोककर तलाशी ली गई। कार में रखे बैग और प्लास्टिक के डिब्बों से गांजा बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, भागने की कोशिश कर रहे दोनों आरोपितों को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कानपुर देहात के बरौर थाना क्षेत्र के कैलाई गांव निवासी अंकित सचान और गोविंद नगर के रतनलाल नगर निवासी वैभव उर्फ लकी के रूप में हुई है। वैभव मूल रूप से बिल्हौर थाना क्षेत्र के माखन निवादा गांव का निवासी है।

सहायक पुलिस आयुक्त कल्याणपुर दिलीप कुमार सिंह और प्रभारी निरीक्षक केशव कुमार तिवारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक, कार से खाकी टेप में लिपटे गांजे के 10 पैकेट और 1.331 किलो गांजे की पुड़िया बरामद हुईं। कुल गांजे का वजन 21.709 किलो है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल ग्रे रंग की होंडा डब्ल्यूआर-वी कार, पांच हजार रुपये नकद, पीली धातु की अंगूठी, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और वीवो मोबाइल फोन मिला है। पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेशकर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, अंकित सचान के खिलाफ पहले भी बिधनू थाने में आबकारी अधिनियम, धोखाधड़ी और गैंगस्टर अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गांजे की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।-----