जौनपुर : उचौरा गांव में विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन
जौनपुर : उचौरा गांव में विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन
जौनपुर,14 जुलाई.। उत्तर प्रदेश के जिले जौनपुर में बक्शा थाना क्षेत्र के उचौरा सोनकर बस्ती और आसपास के लोगों ने विद्युत विभाग के खिलाफ मंगलवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। सवंसा पावर हाउस उपकेंद्र से लगातार बिजली कटौती, फाल्ट और खराब सेवा से परेशान होकर उपभोक्ताओं ने बिजली के मीटर उखाड़ दिए और विभाग के खिलाफ नारेबाजी की।
उपभोक्ताओं का कहना है कि सवंसा पावर हाउस उपकेंद्र से लगातार बिजली कटौती और फाल्ट की समस्या बनी हुई है। गांव में दो मेन फेस लाइन की आपूर्ति होने के कारण लगातार फाल्ट होते रहते हैं, जिससे लोग काफी परेशान हैं।
उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बिजली फाल्ट होने पर बिना पैसे लिए मरम्मत नहीं की जाती है। बक्शा विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारी और अधिकारी, यहां तक कि जेई भी फोन नहीं उठाते, जिससे समस्याओं का समाधान समय पर नहीं हो पाता। कई बार शिकायतें दर्ज कराई गईं, लेकिन मौके पर समाधान नहीं हुआ और शिकायतों को गलत तरीके से निस्तारित कर दिया गया।
विरोध प्रदर्शन कर रहे साहिल सोनकर और बबलू सोनकर ने बताया कि उन्होंने जेई को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। लाइनमैन बुलबुल पर उपभोक्ताओं के फोन नंबर ब्लैकलिस्ट करने का आरोप भी लगाया गया। उनका कहना है कि फाल्ट होने पर बिना पैसे लिए मरम्मत नहीं की जाती।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी बताया कि मेन फेस लाइन के तार जर्जर हो चुके हैं, कई बार टूट कर गिर गया है जिससे लगातार फाल्ट होते हैं और तार गिरने का खतरा बना रहता है। इस समस्या से लगभग 45 घरों को विद्युत आपूर्ति में काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
इस विरोध प्रदर्शन में आकाश सोनकर, प्रदीप सोनकर, सुनील सोनकर, सुकेश सोनकर, सिकंदर सोनकर, विशाल सोनकर, रमेश यादव, हौसिला देवी, बिंदा देवी, बबना देवी, कुमारी देवी, हंसा देवी सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे। इस संबंध में अधिशाषी अभियंता विनोद कुमार सिंह ने बताया कि फाल्ट के कारण दिक्कत आ रही है जल्द से जल्द इसको ठीक कार्य करने का काम किया जा रहा है, जर्जर तारों को बदलने के लिय शासन को लिखा गया है।