जौनपुर में टायर फटने से हाईवे पर पलटा पशु आहार लदा ट्रक, चालक-खलासी सुरक्षित

जलालपुर के इंजरी गांव के पास वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर हादसा; ट्रक ओवरलोड मिलने पर कार्रवाई कर रही पुलिस

जौनपुर में टायर फटने से हाईवे पर पलटा पशु आहार लदा ट्रक, चालक-खलासी सुरक्षित

जौनपुर, 20 सितंबर। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जलालपुर थाना क्षेत्र के इंजरी गांव के पास रविवार सुबह वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर टायर फटने से पशु आहार से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में चालक और खलासी बाल-बाल बच गए। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर आवागमन प्रभावित रहा। ट्रक बिहार के कुल्हड़िया से पशु आहार लादकर हैदरगढ़-जगदीशपुर जा रहा था। रविवार सुबह जलालपुर थाना क्षेत्र के इंजरी गांव के पास पहुंचते ही अचानक ट्रक का टायर फट गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक असंतुलित होकर सड़क पर पलट गया।

हादसे में चालक रामू गुप्ता निवासी बखरपुर, बहराइच और खलासी श्यामू निवासी ईसानगर, लखीमपुर खीरी सुरक्षित बच गए। चालक ने तत्काल घटना की सूचना वाहन मालिक को दी।

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सड़क पर बिखरे सामान को हटवाकर आवागमन सुचारू कराया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

क्षेत्राधिकारी केराकत अजय कुमार ने बताया कि ट्रक पलटने की सूचना मिली थी। चालक और खलासी सुरक्षित हैं तथा घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि ट्रक ओवरलोड पाया गया है, जिसके संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।