डबल इंजन सरकार में तेजी से हो रहे विकास कार्य, योजनाओं से स्वावलंबी बन रही मातृशक्ति : हर्षवर्धन बाजपेई
छठ पर्व पर शंकर विमान मंडपम में लगी सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की तीन दिवसीय प्रदर्शनी का शहर उत्तरी विधायक ने किया शुभारंभ
प्रयागराज, 15 नवंबर । छठ पर्व के अवसर पर सरकार की विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी नीतियों और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के लिए सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग की ओर से शंकर विमान मंडपम में तीन दिवसीय प्रदर्शनी लगाई गई है। शनिवार को शहर उत्तरी के विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार में विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिलने से मातृशक्ति स्वावलंबी बन रही है।
श्री बड़े हनुमान जी मंदिर के पास स्थित शंकर विमान मंडपम में आयोजित प्रदर्शनी का विधायक ने बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न चित्र दीर्घाओं के माध्यम से सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए इसे आमजन के लिए उपयोगी बताया।
हर्षवर्धन बाजपेई ने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में प्रदर्शनी में पहुंचकर सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और उनका लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों का विकास करना और जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाना है। विशेष रूप से महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वावलंबी बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी ने छठ पर्व के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने पर्व की परंपराओं और सामाजिक एकता के संदेश को रेखांकित किया। कार्यक्रम में अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।