स्वच्छता में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, स्वच्छ और स्वस्थ प्रयागराज हमारा संकल्प : गणेश केसरवानी
औचक निरीक्षण कर महापौर ने नाला, नाली और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
प्रयागराज, 08 जून । “स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ प्रयागराज के निर्माण के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। स्वच्छता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” यह बातें सोमवार को महापौर गणेश केसरवानी ने वार्ड संख्या 30 कृष्णा नगर, कीडगंज क्षेत्र में नाला, नाली, सड़क एवं गलियों की साफ-सफाई व्यवस्था के औचक निरीक्षण के दौरान कहीं।
महापौर ने क्षेत्र में चल रहे स्वच्छता कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी गुणवत्ता और नियमितता की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा आगामी बरसात को देखते हुए संभावित जलभराव की समस्या रोकने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को जलभराव जैसी समस्याओं से राहत दिलाने के लिए नगर निगम पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है।
महापौर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि सफाई कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सफाई कर्मियों की नियमित निगरानी और स्वच्छता संबंधी शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी दायित्व है। जनसहभागिता से ही शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाया जा सकता है। नगर निगम शहर के सभी वार्डों में बेहतर सफाई और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर विकसित कर रहा है।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद मुकेश लारा, बब्बन प्रजापति, रूद्रसेन जायसवाल, प्रमोद मोदी, गिरी बाबा, गिरिजेश मिश्रा, टी.एन. दीक्षित, मनोज मिश्रा, विवेक मिश्रा, हिमालय सोनकर, अजय अग्रहरि, बॉबी सोनकर, जोनल अधिकारी जॉन कर, विकास कुमार, अभियंता राम सक्सेना, अपर नगर आयुक्त राजीव शुक्ला, कुलदीप गोस्वामी सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
अंत में महापौर ने कहा कि “स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित प्रयागराज हमारा सामूहिक संकल्प है। नगर निगम जनसहभागिता के साथ इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर कार्य करता रहेगा।”