रोजगार मेले में 18 कंपनियों ने दिया मौका, 378 अभ्यर्थियों का चयन; युवाओं के चेहरे पर आई खुशी

महात्मा गांधी कॉलेज कन्या महाविद्यालय में आयोजित रोजगार मेले में करीब 1,481 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन-ऑफलाइन पंजीकरण कराया। विधायक मनीष असीजा और DM संतोष कुमार शर्मा ने युवाओं का उत्साह बढ़ाया।

रोजगार मेले में 18 कंपनियों ने दिया मौका, 378 अभ्यर्थियों का चयन; युवाओं के चेहरे पर आई खुशी

फिरोजाबाद, 12 सितंबर। नगर के महात्मा गांधी कॉलेज कन्या महा विद्यालय परिसर में सेवायोजन विभाग, कालेज प्रबंधन एवं जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में शनिवार को एक दिवसीय भव्य रोजगार मेले एवं करियर काउंसलिंग का आयोजन हुआ। इसमें 378 अभ्यर्थियों का चयन हुआ, जिससे उनके चेहरे पर खुशी आई।



मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष असीजा, विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर किया। रोजगार मेले में लगभग 913 ऑफलाइन तथा 568 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन अपना पंजीकरण कराया, इस रोजगार मेले में 18 कंपनियों ने प्रतिभाग किया और 378 अभ्यर्थियों का चयन हुआ।

इस मौके पर विधायक मनीष असीजा ने कहा कि युवाओं को भटकने से बचाने और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए सेवायोजन विभाग एक सेतु की तरह कार्य कर रहा है, एक ट्रिलियन इकोनामी के लक्ष्य में युवाओं का योगदान प्रमुख है और यह तब ही संभव है, जब हर हाथ को काम मिले, चाहे वह जॉब सीकर के रूप में हो या मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना व जिला उद्योग केंद्र की योजनाओं के माध्यम से जाॅब प्रदाता बनकर हो।

जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि जीवन में सफलता पाने का कोई शॉर्टकट नहीं होता, अत्यंत कठोर परिश्रम और समर्पण ही व्यक्ति को सफलता के मार्ग पर ले जाता है। युवाओं को प्रेरणा देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सफलता थोड़ी देर में भले ही मिलती है, लेकिन ईमानदारी से किया गया प्रयास, कभी व्यर्थ नहीं होता, यहां आई हुई बेटियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके अभिभावकों से अपील की है कि बेटियों को शिक्षा और प्रगति के सामान्य अवसर प्रदान किए जाएं, जिससे बेटियां अपने पैरों पर खड़ी हो सकें।

कार्यक्रम के दौरान उप जिलाधिकारी सदर सुदर्शन कुमार, जिला रोजगार अधिकारी खुशबू शाक्य, वरिष्ठ बाबू विपिन कुमार, सुमन कुमार, कॉलेज की प्राचार्य प्रदर्शनी उपाध्याय, सचिव सतीश चंद्र गुप्ता, मंडल सचिव अनूप चंद्र जैन, मंडल कोषाध्यक्ष अनूपम कुमार गुप्ता आदि उपस्थित रहे।