काशी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बाबा विश्वनाथ के श्रीचरणों में किया जलाभिषेक
काशी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बाबा विश्वनाथ के श्रीचरणों में किया जलाभिषेक
नई दिल्ली, 19 जुलाई । दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रविवार को अनादि, अविनाशी और मोक्षदायिनी काशी में बाबा काशी विश्वनाथ एवं काशी के कोतवाल काल भैरव के श्रीचरणों में विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने सपरिवार बाबा काशी विश्वनाथ के श्रीचरणों में जलाभिषेक कर समस्त देशवासियों के सुख, सौभाग्य, उत्तम स्वास्थ्य, समृद्धि एवं राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आज जन्मदिन है। इस अवसर पर उन्होंने बाबा काशी विश्वनाथ एवं काल भैरव से प्रार्थना की कि आपकी असीम कृपा सभी पर सदैव बनी रहे तथा प्रत्येक नागरिक के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और मंगल का वास हो। उन्होंने यह भी कामना की कि भारत निरंतर वैभव, यश और नई उपलब्धियों के शिखरों को स्पर्श करता रहे तथा सेवा, सुशासन और लोककल्याण की भावना जन-जन के जीवन को आलोकित करती रहे।
मुख्यमंत्री ने रविवार को एक विज्ञप्ति जारी करते हुए कहा कि काशी भारत की सनातन चेतना का शाश्वत प्रकाश है। यह केवल एक प्राचीन नगरी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, अध्यात्म और आस्था की जीवंत धरोहर है। यहां हर कण में शिव हैं, हर श्वास में भक्ति है और हर पग पर अध्यात्म का स्पंदन अनुभव होता है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की कृपा और काल भैरव जी का संरक्षण अनादिकाल से इस पावन धरा और इसके भक्तों का संबल रहा है तथा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र आज भी उसी दिव्यता के साथ विश्व का मार्गदर्शन कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपरिवार बाबा काशी विश्वनाथ के श्रीचरणों में जलाभिषेक एवं विधिवत पूजन-अर्चन का परम सौभाग्य प्राप्त होना उनके लिए अत्यंत भावपूर्ण एवं अविस्मरणीय क्षण है। उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की अनंत कृपा से काशी आज अपनी सनातन चेतना और नव्य भव्यता के साथ पूरे विश्व को आस्था, अध्यात्म और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत संदेश दे रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम की दिव्यता, गंगा तट से बाबा के दरबार तक का भव्य विस्तार तथा चारों ओर गूंजता 'हर-हर महादेव' का उद्घोष श्रद्धा, संस्कृति और आध्यात्मिक गौरव के उस अखंड प्रवाह का साक्षात अनुभव कराता है, जिसने काशी को अनादि, अविनाशी और मोक्षदायिनी स्वरूप प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि काशी की आध्यात्मिक ऊर्जा प्रत्येक श्रद्धालु को सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
-------------------------