विश्व प्रसिद्ध संगम के दशाश्वमेध घाट की व्यवस्थाओं से अभिभूत हुए कांवड़िए
विश्व प्रसिद्ध संगम के दशाश्वमेध घाट की व्यवस्थाओं से अभिभूत हुए कांवड़िए
प्रयागराज, 04 अगस्त विश्व प्रसिद्ध संगम के दशाश्वमेध घाट पर सावन माह के पावन अवसर पर विभिन्न राज्यों से पहुंच रहे कांवड़िया वहां की गई व्यवस्थाओं को देखकर अभिभूत हो रहे हैं। कांवड़ियों ने पक्के बने दशाश्वमेध घाट से गंगाजल भरकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए अपनी यात्रा शुरू की। इस दौरान घाट पर श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। "हर-हर महादेव" और "बम-बम भोले" के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय हो गया ।

दूर-दराज से आए कांवड़ियों ने सरकार और प्रशासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि दशाश्वमेध घाट पर सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
घाट पर नगर निगम, मेला प्राधिकरण, जल पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन और सिविल डिफेंस के स्वयंसेवक पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात हैं। पूरे क्षेत्र की निगरानी ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से की जा रही है, जबकि सुरक्षा के लिए हर प्रमुख स्थान पर पुलिस बल तैनात किया गए हैं।
नगर निगम की ओर से घाटों की लगातार सफाई कराई गई। जगह-जगह डस्टबिन लगाए गए, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, स्वचालित शौचालय एवं मूत्रालय की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं के आकर्षण के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया। दिनभर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते रहे, ताकि किसी प्रकार की कमी न रहे।
गंगा स्नान के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नदी में बैरिकेडिंग की गई। जल पुलिस, गोताखोर और बचाव दल 24 घंटे तैनात रहे। माइक के माध्यम से श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्नान और सावधानियों के बारे में लगातार जागरूक किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉक्टरों की टीम और एम्बुलेंस भी हर समय उपलब्ध रहीं।
इस अवसर पर नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर राजेंद्र तिवारी 'दुकानजी' गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने, घाटों की स्वच्छता बनाए रखने और पॉलीथिन का उपयोग न करने के लिए विशेष जनजागरूकता अभियान चलाते रहे। उन्होंने स्वच्छता संबंधी संदेश लिखे परिधान पहनकर श्रद्धालुओं को प्रेरित किया और कहा कि स्वच्छता को मजबूरी नहीं, संस्कार बनाइए और प्रयागराज को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखिए।
दशाश्वमेध घाट पर उपलब्ध बेहतर व्यवस्थाओं और स्वच्छ वातावरण से प्रभावित कांवड़ियों ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तथा स्थानीय प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए किए गए प्रयास प्रशंसनीय हैं। इससे उनकी यात्रा अधिक सुगम, सुरक्षित और सुखद बनी है।