कार्तिक पूर्णिमा मेले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की होगी सख्त जांच, अयोध्या में 12 खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ड्यूटी
17 से 21 नवंबर तक चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर खाद्य एवं पेय पदार्थों की जांच, भंडारों में मिलने वाले भोजन की भी होगी जांच
अयोध्या, 15 नवंबर । सरकार की प्राथमिकताओं में भक्तों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को सर्वोच्च स्थान देते हुए अयोध्या के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने प्रान्तीयकृत परिक्रमा कार्तिक पूर्णिमा मेला के लिए खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी है।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-02 देवाशीष उपाध्याय के अनुसार मेले का आयोजन 17 नवंबर से 21 नवंबर तक प्रस्तावित है। इस दौरान विक्रय होने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों के परीक्षण के लिए मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. पी.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में 12 खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर जोनवार ड्यूटी सौंपी गई है। चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर 17 से 20 नवंबर के अंतर्गत विजय बहादुर को जोन-01 (गैस गोदाम कमराहा से लक्ष्मण किला तक), सुमित चौधरी को जोन-02 (लक्ष्मण किला से पक्का घाट पीपल के पेड़ के पास तक), किशुन चौहान को जोन-03 (कटरा पुलिस चौकी तिराहा से दुर्गागंज माझा से लता मंगेशकर चौक तक), संतोष कुमार साहू को जोन-04 (लता मंगेशकर चौक जोन), अजय कुमार सोनी को जोन-05 (साकेत पेट्रोल पम्प बैरियर से हनुमान गुफा चौराहा से लता मंगेशकर चौक से क्वीन हो पार्क से येलोजोन आफिस गेट तक), विवेक कुमार मौर्या को जोन-06 (हनुमान गुफा चौराहा से बूथ नं. 04 तक), डॉ. अजय कुमार मौर्या को जोन-07 (बूथ नं. 04 से अचारी सगरा तिराहा तक), भगवती प्रसाद को जोन-08 (अचारी सगरा से जनौरा बाईपास क्रासिंग तक), सत्येन्द्र यादव को जोन-09 (जनौरा बाईपास क्रासिंग से नाका हनुमानगढ़ी रोड क्रासिंग तक), ओम प्रकाश को जोन-10 (नाका हनुमानगढ़ी रोड क्रासिंग से सहादतगंज हनुमानगढ़ी रोड क्रासिंग से पहले तक), संतोष कुमार वर्मा को जोन-11 (सहादतगंज हनुमानगढ़ी रोड क्रासिंग से गैस गोदाम तिराहे तक) तथा नितिन कुमार को गुप्तारघाट जोन की ड्यूटी सौंपी गई है।
भंडारों में खाद्य एवं पेय सामग्री की जांच अनिवार्य
आदेश में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि सभी खाद्य सुरक्षा अधिकारी अपने-अपने जोन के जोनल मजिस्ट्रेट से सम्पर्क एवं समन्वय स्थापित कर कार्य एवं दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें। साथ ही ड्यूटी स्थल पर आयोजित होने वाले भंडारों में प्रदान की जाने वाली खाद्य एवं पेय सामग्री की भी जाँच करना अनिवार्य किया गया है।
प्रशासनिक तैयारियों को दी जा रही प्राथमिकता
अयोध्या में राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा के बाद बड़े पैमाने पर श्रद्धालुओं के आने के मद्देनजर योगी सरकार धार्मिक आयोजनों में खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष जोर दे रही है। इस बार भी कार्तिक पूर्णिमा मेले में भक्तों को शुद्ध एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग ने समय से पहले ड्यूटी व्यवस्था अंतिम रूप दे दी है। धार्मिक आयोजनों को सुचारू और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासनिक तैयारियों को प्राथमिकता दी जा रही है।