ABVP ने ‘आरंभ’ कार्यक्रम में याद किया स्वामी विवेकानंद का शिकागो भाषण, युवाओं को राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश
शिकागो विश्व धर्म महासभा में स्वामी विवेकानंद के ऐतिहासिक भाषण की 133वीं वर्षगांठ पर अयोध्या में कार्यक्रम हुआ। विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया गया।
अयोध्या, 12 सितंबर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अयोध्या महानगर के झुनझुनवाला ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट इकाई द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के शिकागो विश्व धर्म महासभा में दिए गए ऐतिहासिक भाषण की 133वीं वर्षगांठ के अवसर पर ‘आरंभ’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य वक्ता प्रांत सह मंत्री शिवम मिश्रा, झुनझुनवाला पीजी कॉलेज के डायरेक्टर डॉ निर्भय मिश्रा, महानगर उपाध्यक्ष डॉ अनुराधा गर्ग, नगर अध्यक्ष डॉ स्वाती, नगर मंत्री अमित कुमार ने मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया।
महानगर उपाध्यक्ष डॉ. अनुराधा गर्ग ने अपने स्वागत उद्बोधन में सभी मंचस्थ महानुभावों, कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को वर्तमान युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत सह मंत्री शिवम मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वामी विवेकानंद जी के शिकागो भाषण की ऐतिहासिक महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने विश्व पटल पर भारत की आध्यात्मिक, सांस्कृतिक एवं सनातन परंपरा की गौरवशाली पहचान को स्थापित किया। उनके विचार आज भी युवाओं में आत्मविश्वास, राष्ट्रभक्ति, सेवा और नेतृत्व की भावना जागृत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झुनझुनवाला पीजी कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. निर्भय मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं। स्वामी विवेकानंद का जीवन युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित होकर कार्य करने तथा समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
नगर अध्यक्ष डॉ. स्वाती उपाध्याय द्वारा आभार ज्ञापन किया गया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा स्वामी विवेकानंद जी के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और युवा शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संकल्प दोहराया।