ई20 पर प्रधानमंत्री को लिखा पत्र, कल सोनम वांगचुक से मिल भूख हड़ताल खत्म करने की अपील करेंगे केजरीवाल

ई20 पर प्रधानमंत्री को लिखा पत्र, कल सोनम वांगचुक से मिल भूख हड़ताल खत्म करने की अपील करेंगे केजरीवाल

ई20 पर प्रधानमंत्री को लिखा पत्र, कल सोनम वांगचुक से मिल भूख हड़ताल खत्म करने की अपील करेंगे केजरीवाल

नई दिल्ली, 14 जुलाई । आम आदमी पार्टी (आआपा) के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ई-20 पेट्रोल के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर दो प्रमुख मांगें रखी हैं। उन्होंने कहा कि सभी पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल और ई-20, दोनों का विकल्प उपलब्ध कराया जाए तथा ई-20 पेट्रोल की कीमत सामान्य पेट्रोल से कम रखी जाए, क्योंकि इसकी माइलेज कम होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि देशभर से लोगों की शिकायतें मिल रही हैं कि ई-20 पेट्रोल के इस्तेमाल से वाहनों की माइलेज कम हो रही है और कई वाहनों के पुर्जों पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। इसी को देखते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर जनता की चिंताओं से अवगत कराया है।

उन्होंने बताया कि पत्र में प्रधानमंत्री से मुलाकात काा समय भी मांगा गया है, ताकि जनता से मिले सुझावों और तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की जा सके। साथ ही आम आदमी पार्टी ने इस मुद्दे पर एक ऑनलाइन हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान से जुड़कर अपने अनुभव साझा करें, ताकि उन्हें प्रधानमंत्री के समक्ष रखा जा सके।

केजरीवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से भी पेट्रोल पंपों और सर्विस स्टेशनों पर जाकर लोगों से बातचीत करने तथा उनके अनुभवों के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों की आवाज सामने आने से सरकार पर जनभावनाओं को सुनने का दबाव बनेगा।

केजरीवाल ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर जारी प्रदर्शन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक शिक्षा व्यवस्था में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं। उनकी बिगड़ती सेहत चिंता का विषय है।

केजरीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस आंदोलन और इसकी मांगों का समर्थन करती है। उन्होंने केंद्र सरकार से पेपर लीक की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने और जिम्मेदारी तय करने की मांग की।

उन्होंने बताया कि वह गुरुवार शाम पांच बजे जंतर-मंतर पहुंचकर सोनम वांगचुक से मुलाकात करेंगे और उनके स्वास्थ्य को देखते हुए भूख हड़ताल समाप्त करने की अपील करेंगे। केजरीवाल ने कहा कि वांगचुक देश की अमूल्य धरोहर हैं और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को आगे बढ़ाने के अन्य विकल्प भी मौजूद हैं।