प्रयागराज: इलाहाबाद विश्वविद्यालय में PhD प्रवेश के लिए 2 से 5 नवंबर तक होंगे इंटरव्यू

प्रयागराज: इलाहाबाद विश्वविद्यालय में PhD प्रवेश के लिए 2 से 5 नवंबर तक होंगे इंटरव्यू

प्रयागराज: इलाहाबाद विश्वविद्यालय में PhD प्रवेश के लिए 2 से 5 नवंबर तक होंगे इंटरव्यू

प्रयागराज, 26 अक्टूबर । इलाहाबाद विश्वविद्यालय के वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभाग में पीएचडी प्रवेश सत्र 2026-27 के लिए दस्तावेज सत्यापन और शोध अभिरुचि परीक्षा (साक्षात्कार) का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। यह प्रक्रिया दो से पांच नवंबर तक चलेगी। यह जानकारी सोमवार को विश्वविद्यालय की जनसंपर्क अधिकारी प्रो. जया कपूर ने दी। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों तथा उनकी एक-एक स्वप्रमाणित छायाप्रति के साथ उपस्थित होना होगा। दस्तावेज सत्यापन सफल होने के बाद ही अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।

विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, जेआरएफ (JRF) अभ्यर्थियों और दस्तावेज सत्यापन से छूट प्राप्त अभ्यर्थियों के लिए दो नवंबर को सुबह नौ बजे से प्रक्रिया शुरू होगी। नेट एवं पीएचडी केवल अनारक्षित श्रेणी के अभ्यर्थियों का सत्यापन और साक्षात्कार तीन नवंबर को, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के अभ्यर्थियों का चार नवंबर को तथा ईडब्ल्यूएस, एससी, एसटी और दिव्यांग (पीडब्ल्यूबीडी) श्रेणी के अभ्यर्थियों का पांच नवंबर को सुबह नौ बजे से होगा।

विभागाध्यक्ष कार्यालय में होगी प्रक्रिया

दस्तावेज सत्यापन और साक्षात्कार वाणिज्य एवं व्यवसाय प्रशासन विभागाध्यक्ष के कार्यालय में आयोजित किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को पीएचडी प्रवेश विवरणिका 2026-27 में दी गई पात्रता शर्तों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है। सत्यापन के समय आवश्यक प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होने का अवसर नहीं मिलेगा।

पात्र अभ्यर्थियों को शोध इकाइयों के लिए अपनी प्राथमिकता दर्शाने वाला निर्धारित वरीयता प्रपत्र (Preference Form—अनुलग्नक-Y) और शैक्षणिक विवरण प्रपत्र (Academic Details Form—अनुलग्नक-Z) भी जमा करना होगा। दस्तावेज सत्यापन के बाद पात्र पाए गए अभ्यर्थियों को अपना शोध प्रस्ताव लेकर साक्षात्कार में उपस्थित होना होगा।

विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर देखें विवरण

प्रो. जया कपूर ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे निर्धारित कार्यक्रम, पात्रता शर्तों और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर देख लें तथा तय समय पर सभी प्रपत्रों के साथ उपस्थित हों। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवेदन करने या प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने मात्र से प्रवेश का अधिकार नहीं मिल जाता। पीएचडी में प्रवेश विश्वविद्यालय की निर्धारित पात्रता शर्तों और सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति के अधीन होगा।