झांसी सड़क हादसा: अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद समेत दो की मौत, भाई अली से मिलने जा रहा था

अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू की मौके पर मौत

झांसी सड़क हादसा: अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद समेत दो की मौत, भाई अली से मिलने जा रहा था

झांसी, 06 अगस्त । उत्तर प्रदेश के झांसी जनपद के पूंछ थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद और उसके मित्र सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में अबान अहमद के तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पूंछ थाना पुलिस और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त कार को क्रेन की मदद से हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अतीक का सबसे छाेटा बेटा अबान अहमद प्रयागराज से झांसी आ रहा था। वह झांसी जेल में बंद अपने भाई अली से मुलाकात करने के लिए निकला था। रास्ते में पूंछ थाना क्षेत्र में उसकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में उसके साथ मौजूद मित्र सोनू की भी जान चली गई। इस हादसे में तीन अन्य युवक घायल हुए हैं। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू करा दी है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

एसपी ग्रामीण डॉ. अरविंद सिंह ने बताया कि हादसे में माफिया डॉन अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद और उसके दोस्त की मृत्यु हुई है। उन्होंने कहा कि दोनों प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अली से मिलने आ रहे थे। प्रथम दृष्टया दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।