जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य : योगेंद्र उपाध्याय

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य : योगेंद्र उपाध्याय

जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना अभियान का उद्देश्य : योगेंद्र उपाध्याय

कानपुर, 05 जून। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रमों का आयोजन नहीं, बल्कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाना है। योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रभावी जनसंपर्क गतिविधियां संचालित की जानी चाहिए। यह बातें शुक्रवार को प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री, उच्च शिक्षा विभाग एवं जनपद के प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहीं।

सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में आज ‘सेवा, संस्कार, सुशासन एवं सम्मान’ को समर्पित केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पांच से 21 जून तक आयोजित होने वाले विशेष जनकल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सांसद रमेश अवस्थी, विधायक नीलिमा कटियार, विधायक सुरेंद्र मैथानी, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, भाजपा कानपुर उत्तर के जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित तथा भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह उपस्थित रहे।

बैठक में अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यक्रमों, विभागवार दायित्वों और जनसहभागिता बढ़ाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यक्रमों का आयोजन बेहतर समन्वय और तैयारी के साथ किया जाए तथा योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए।

अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम, विशेष जनसंपर्क अभियान, जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले, विकसित भारत संकल्प सम्मेलन, विकास प्रदर्शनी, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं तथा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। प्रभारी मंत्री ने इन आयोजनों में अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जनसंपर्क कार्यक्रमों के दौरान लाभार्थियों से सीधे संवाद स्थापित किया जाए तथा मलिन बस्तियों और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाए। स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यक्रमों को भी प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।

जनकल्याण शिविरों और स्वास्थ्य मेलों की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने आयुष्मान भारत योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना और अटल पेंशन योजना सहित अन्य योजनाओं के पात्र लाभार्थियों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लाभार्थियों की सफलता की कहानियों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत करने को कहा।

बैठक में जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, ज्वाइंट सीपी विपिन ताडा, ज्वाइंट सीपी संकल्प शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।