हिन्दू समाज की एकता, समरसता और राष्ट्रप्रेम का जीवंत प्रतीक बनेगा श्रीराम जन्मभूमि ध्वजारोहण : डॉ. श्यामबाबू गुप्ता
हिन्दू समाज की एकता, समरसता और राष्ट्रप्रेम का जीवंत प्रतीक बनेगा श्रीराम जन्मभूमि ध्वजारोहण : डॉ. श्यामबाबू गुप्ता
कानपुर, 04 नवम्बर । उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद में गोविंद नगर स्थित विश्व हिन्दू परिषद् प्रांतीय कार्यालय दुर्गा भवन, श्रीमुनि हिन्दू इंटर कॉलेज में अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि ध्वजारोहण समारोह के लिए विशेष यात्रा की घोषणा के लिए पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। साथ ही सामाजिक समरसता और एकता का संदेश भी मुख्य उद्देश्य हैं। यह जानकारी मंगलवार को विश्व हिन्दू परिषद के प्रान्त प्रचार प्रसार प्रमुख ओमेंद्र अवस्थी ने दी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक डॉ. श्यामबाबू गुप्ता ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए बताया कि विश्व हिन्दू परिषद के तत्वावधान में कानपुर से सर्व समाज के प्रतिनिधि अयोध्या प्रस्थान करेंगे। इस आयोजन का उद्देश्य सनातन हिन्दू संस्कृति की विविध परंपराओं, जातियों और विचारधाराओं को एक सूत्र में जोड़ते हुए सामाजिक समरसता, एकता और राष्ट्रभावना को सशक्त बनाना है।
डॉ. श्यामबाबू गुप्ता ने बताया कि इस यात्रा में साधु-संत, व्यापारी, शिक्षक, छात्र, किसान, सेवा क्षेत्र के कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। चयनित अतिथियों को विशेष बसों से अयोध्या ले जाया जाएगा, जहाँ वे श्रीराम जन्मभूमि ध्वजारोहण समारोह में भाग लेकर भगवान श्रीरामलला के दर्शन करेंगे। संपूर्ण कार्यक्रम की व्यवस्था विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में की जा रही है।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक श्रद्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज में पारस्परिक सद्भाव, समरसता और राष्ट्रप्रेम का संदेश देने वाला एक ऐतिहासिक अवसर है।
उन्होंने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा से संघ एवं विश्व हिन्दू परिषद के पदाधिकारी विशेष अतिथियों को उनके घर जाकर व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करेंगे, जिससे यह संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे कि राम जन्मभूमि सम्पूर्ण राष्ट्र का गौरव है।
“राम सबके हैं, सब राम के हैं”
विभाग मंत्री गौरांग ने कहा कि “राम सबके हैं, सब राम के हैं।” उन्होंने सर्व हिन्दू समाज से इस पावन अवसर पर एकजुट होकर श्रीराम जन्मभूमि धाम में ध्वजारोहण समारोह को सफल बनाने का आह्वान किया।
मुख्य बिंदु : श्रीराम जन्मभूमि ध्वजारोहण समारोह
1. तिथि – 25 नवम्बर 2025
स्थान – श्रीराम जन्मभूमि धाम, अयोध्या
2. ध्वज विवरण – 161 फीट ऊँचे शिखर पर 25 फीट ऊँचा भगवा ध्वज स्वर्ण दण्ड पर फहरेगा। यह पूरे हिन्दू समाज के लिए गौरव और आस्था का प्रतीक होगा।
3. विशिष्ट उपस्थिति – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक आदरणीय मोहन भागवत तथा देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ऐतिहासिक समारोह में सम्मिलित रहेंगे।
4. भागीदारी – देशभर के 46 सांगठनिक प्रांतों से हजारों प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है।
5. महत्व – श्रीराम जन्मभूमि मंदिर उद्घाटन के पश्चात यह विश्व का सबसे भव्य और आध्यात्मिक आयोजन होगा।
6. कानपुर से सहभागिता – कानपुर महानगर से 250 प्रतिनिधियों को इस ऐतिहासिक कार्यक्रम के साक्षी बनने के लिए आमंत्रित किया गया है। यह संख्या आगे और बढ़ाई जा रही है।
7. आमंत्रण अभियान – 6 नवम्बर से विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ता टोलियों के रूप में आमंत्रण लेकर समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचेंगे। यह अभियान सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक बनेगा।
यह आयोजन सम्पूर्ण हिन्दू समाज की एकता, समरसता और राष्ट्रप्रेम का जीवंत प्रतीक बनेगा, जिसमें राम जन्मभूमि को सम्पूर्ण भारत के गौरव के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों एवं यात्रा की रूपरेखा पर आयोजित इस पत्रकार वार्ता में विभाग संघचालक डॉ. श्यामबाबू गुप्ता, विभाग अध्यक्ष नरेश माहेश्वरी, विभाग मंत्री गौरांग, विभाग संगठन मंत्री मनीष तथा प्रचार प्रसार प्रमुख ओमेंद्र अवस्थी उपस्थित रहे।