ग्राम प्रधान की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, कमरे में फंदे से लटकता मिला शव
ग्राम प्रधान की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, कमरे में फंदे से लटकता मिला शव
बिजनौर,20 अगस्त । उत्तर प्रदेश के बिजनाैर जनपद स्योहारा ब्लॉक के मेवानवादा गांव की ग्राम प्रधान राहिल परवीन (35) का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सुबह परिजनों को घटना की जानकारी हुई तो गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी है।घटना की जानकारी सबसे पहले स्योहारा ग्राम प्रधान राहिल परवीन के बेटे आमान को हुई। वह सुबह स्कूल जाने के लिए उठा, तब उसने अपनी मां को खिड़की में फांसी के फंदे पर लटका देखा।
मृतका के चार नाबालिग बच्चे हैं, जिनमें दो बेटे और दो बेटियां शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही स्योहारा थाना प्रभारी सतेन्द्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के पति इशरत अली से पूछताछ शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। महिला ग्राम प्रधान की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर है। सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर एकत्र हो गए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और परिजनों व ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है। गांव में चारों ओर गमगीन माहौल है ,पुलिस ने अफवाहों से बचने और जांच पूरी होने तक धैर्य रखने की अपील की है | पुलिस की शुरुआती जांच में मौत के सटीक कारण साफ नहीं हो पाए हैं। पुलिस आत्महत्या की संभावना के साथ-साथ हत्या समेत अन्य एंगल पर भी जांच कर रही है।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके। मामले को गंभीर मानते हुए पुलिस ने जांच को तेज कर दिया है। गांव के लोग तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं। ग्रामीणों में महिला प्रधान की अचानक मौत को लेकर चिंता और आक्रोश दोनों दिखाई दे रहा है। पुलिस ने साफ कहा है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर न पहुंचेें। अफवाहों से माहौल खराब न हो, इसके लिए ग्रामीणों से संयम बनाए रखने की अपील की गई है। जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।