जनगणना से तय होगी विकास योजनाओं की दिशा, मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने की स्वगणना
-हर समाज की सही पहचान के लिए जरूरी है जनगणना : पंचायती राज मंत्री
लखनऊ , 08 मई । उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पंचायतीराज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शुक्रवार काे ऑनलाइन माध्यम से जनगणना प्रक्रिया के प्रथम चरण को सफलता पूर्वक पूर्ण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों से जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा सही एवं प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराने की अपील की।
उन्हाेंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या और मकान की गणना भर नहीं है, बल्कि यह समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि कई ऐसी जातियां एवं समुदाय हैं, जिनकी सही जानकारी सामने नहीं आ पाती। इससे वे शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। जनगणना के माध्यम से ऐसे समुदायों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी और उन्हें जाति आधारित योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि सही आंकड़े सरकार को योजनाओं की बेहतर रूपरेखा तैयार करने में मदद करते हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा जैसी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जनगणना के आंकड़ों पर आधारित होता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह जनगणना अभियान में सहयोग करे और सही जानकारी उपलब्ध कराए।
पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि जनगणना समाज के हर वर्ग को पहचान दिलाने का माध्यम है। जब सही जानकारी सरकार तक पहुंचेगी, तभी योजनाओं का लाभ सही लोगों तक पहुंच सकेगा। कुछ ऐसे समाज भी हैं जिनकी स्थिति और संख्या की सही जानकारी उपलब्ध नहीं है। जनगणना के माध्यम से उन्हें भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।