गाजीपुर विनीत राय हत्याकांड में मारे गए कमलेश चौधरी का भाई पहुंचा हाईकोर्ट
- बुलडोजर एक्शन पर रोक की मांग को लेकर दाखिल की याचिका
प्रयागराज, 11 जून । गाजीपुर में होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय उर्फ हनी राय हत्याकांड में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए आरोपित कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद का भाई संजय बिंद इलाहाबाद हाईकोर्ट पहुंचा है। उनसे जिला प्रशासन द्वारा जारी ध्वस्तीकरण नोटिस को याचिका के माध्यम से चुनौती दी है।
एसडीएम सदर ने बगैर नक्शा स्वीकृत कराए किए गए अवैध निर्माण को लेकर ध्वस्तीकरण नोटिस जारी किया है। संजय बिंद के साथ ही तीन अन्य आरोपितों शंकर पांडेय, आलोक दुबे और सोनू यादव को भी नोटिस जारी किया गया है। सभी से 12 जून तक जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू करने की बात कही गई है।
संजय बिंद ने याचिका में आरोप लगाया है कि पुलिस याची के भाई को गत तीन जून को बिहार से उठाकर लाई थी और चार जून को उसका फर्जी एनकाउंटर कर दिया गया। पुलिस एनकाउंटर के बाद हजारों की संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। याचिका में आरोप लगाया गया है कि याची पुलिस एनकाउंटर पर सवाल न उठाए, इसी को लेकर दबाव बनाने के लिए यह नोटिस जारी किया गया है।
यह भी कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का भी उल्लंघन किया जा रहा है क्योंकि सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा है कि सिर्फ एफआईआर के आधार पर बुलडोजर एक्शन नहीं किया जा सकता है।
यह भी कहा गया है कि याची पुलिस एनकाउंटर की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। याची यह मांग न करें, इसलिए भी उन पर नोटिस के माध्यम से दबाव बनाया जा रहा है। याचिका में एसडीएम सदर गाजीपुर का ध्वस्तीकरण का नोटिस रद्द करने की मांग की गई है। याचिका में जिलाधिकारी, गाज़ीपुर एसडीएम सदर और प्रमुख सचिव गृह को पक्षकार बनाया गया है।
गौरतलब है कि, 29 मई की रात होटल कारोबारी के बेटे विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।