हलवाई के साथ काम पर गई महिला का तीन दिन बाद जंगल में पाया गया शव, हत्या की आशंका
हलवाई के साथ काम पर गई महिला का तीन दिन बाद जंगल में पाया गया शव, हत्या की आशंका
प्रयागराज, 24 अप्रैल । उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के फाफामऊ थाना क्षेत्र से लापता हुई एक महिला का शव तीन दिन बाद जंगल में गुरुवार की शाम पाया गया। मृतका के परिजनों ने शुक्रवार को हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
फाफामऊ थाना क्षेत्र के रंगपूरा गांव निवासी अनीता देवी (48) 20 अप्रैल की सुबह नवाबगंज थाना क्षेत्र के बरहा कौड़िहार निवासी हलवाई गुड्डू के साथ मोटरसाइकिल से काम करने के लिए सोरांव थाना क्षेत्र स्थित होलागढ़ मोड़ गई थीं। परिजनों के मुताबिक, जब वह देर शाम तक वापस नहीं लौटीं तो उसकी बेटी और बेटे ने तलाश शुरू की और फाफामऊ थाने में लिखित सूचना दी।
अनीता देवी का शव गुरुवार शाम मऊआइमा थाना क्षेत्र के सिंसई सिपाह गांव के बाहर स्थित जंगल में बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि फाफामऊ पुलिस की लापरवाही के चलते यह घटना हुई। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो महिला की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ दबंग लोग आरोपित हलवाई गुड्डू को बचाने में लगे हुए हैं।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि, “महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है।