यूपी होमगार्ड परीक्षार्थियों के लिए प्रयागराज मंडल की विशेष तैयारी
यूपी होमगार्ड परीक्षार्थियों के लिए प्रयागराज मंडल की विशेष तैयारी
प्रयागराज, 24 अप्रैल। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा 25, 26 एवं 27 अप्रैल को आयोजित यूपी होमगार्ड परीक्षा 2026 के दौरान परीक्षार्थियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज मंडल विशेष तैयारियां कर रहा है। यात्रियों एवं परीक्षार्थियों को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रयागराज मंडल द्वारा विभिन्न दिशाओं में एग्जाम स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।
यह जानकारी जनसम्पर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने शुक्रवार को देते हुए बताया कि मंडल प्रशासन द्वारा परीक्षा के तीनों दिनों प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त भीड़ प्रबंधन, टिकट व्यवस्था, सुरक्षा एवं यात्री सुविधाओं के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। आवश्यकतानुसार ट्रेनों का विस्तार, गाड़ियों में अतिरिक्त कोच एवं एग्जाम स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। इस परीक्षा में भाग लेने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु प्रयागराज मंडल द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं।
उन्होंने बताया कि मंडल के अंतर्गत आने वाले प्रमुख स्टेशनों प्रयागराज जंक्शन, कानपुर सेंट्रल, अलीगढ़ जंक्शन, टूंडला, इटावा, मैनपुरी आदि पर विशेष निगरानी एवं यात्री सहयोग के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिये गए हैं। परीक्षार्थियों की सुविधा एवं सहायता के लिए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से स्टेशनों की गतिविधियों की लगातार मॉनिटरिंग की जायेगी। वार रूम के माध्यम से सभी स्टेशनों की स्थिति पर निरंतर निगरानी रखी जायेगी, जिससे आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्यवाही की जा सके।
पीआरओ ने बताया कि प्रयागराज मंडल क्षेत्र में कुल 10 विशेष ट्रेनों का संचालन प्रस्तावित है। ये ट्रेनें 25, 26 एवं 27 अप्रैल को विभिन्न रूटों पर चलाई जाएंगी। विशेष ट्रेनों के रेक मंडल में उपलब्ध रखे गए हैं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर तुरंत संचालन किया जा सके। आवश्यकता पड़ने पर गाड़ी संख्या 51901-51902, 51903-51904 एवं 51905-51906 में कोचों की संख्या बढ़ाई जाएगी और गाड़ी संख्या 64594 कानपुर-फ़तेहपुर मेमू को सूबेदारगंज तक, 64604 इटावा-कानपुर मेमू को लखनऊ तक, 64584 दिली-टूंडला मेमू को गोविंदपुरी तक एवं 64623 आगरा-मैनपुरी मेमू को फ़र्रुखाबाद तक विस्तारित किया जाएगा।
स्टेशनों पर टिकट काउंटरों पर अतिरिक्त स्टाफ, पूछताछ काउंटर, उद्घोषणा प्रणाली, हेल्प डेस्क, आरपीएफ एवं जीआरपी की अतिरिक्त तैनाती की जाएगी। प्रयागराज मंडल सभी परीक्षार्थियों से अपील करता है कि वे समय से स्टेशन पहुंचे, वैध टिकट लेकर यात्रा करें तथा रेलवे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।