कुलपति ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण

कुलपति ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण

कुलपति ने किया परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण

मीरजापुर, 03 फ़रवरी। उत्तर प्रदेश के मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने मंगलवार को विश्वविद्यालय से संबद्ध विभिन्न महाविद्यालयों एवं परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य परीक्षाओं की शुचिता, पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करना रहा।कुलपति ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग व्यवस्था, रिकॉर्डिंग प्रणाली और नियंत्रण कक्ष की स्थिति की गहन समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को निर्देशित किया कि परीक्षा अवधि के दौरान सभी सीसीटीवी कैमरे सतत रूप से चालू रहें और किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या उत्पन्न होने पर उसे तत्काल दूर किया जाए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया पर निरंतर प्रभावी निगरानी बनी रहे।

इसी क्रम में विश्वविद्यालय द्वारा गठित सचल दल (फ्लाइंग स्क्वाड) ने मीरजापुर, भदोही और सोनभद्र जनपदों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों एवं संबद्ध महाविद्यालयों का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया। दल ने परीक्षा की गोपनीयता, अनुशासन, परीक्षार्थियों की उपस्थिति पंजिका, परीक्षा कक्षों की व्यवस्थाओं तथा उत्तर पुस्तिकाओं के वितरण एवं संधारण से जुड़ी व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।

निरीक्षण के दौरान कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने कहा कि विश्वविद्यालय की सर्वोच्च प्राथमिकता परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है। इसके लिए तकनीकी संसाधनों का प्रभावी और जिम्मेदार उपयोग अनिवार्य है।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी गिरीश कुमार, कुलसचिव रामनारायण, उड़ाका दल के संयोजक प्रो. भावभूति मिश्रा सहित प्रो. वंदना मिश्रा, डॉ. कुलदीप पांडेय और डॉ. प्रभुनाथ यादव सदस्य के रूप में उपस्थित रहे।