टीजीटी का रिजल्ट घोषित, नौ से शुरू होगा अभिलेखों का सत्यापन
--1.5 गुना अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, आज से डाउनलोड होंगे कॉल लेटर --योगी सरकार में पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया को नई गति : डॉ. प्रशांत कुमार
प्रयागराज, 30 जून । प्रदेश की योगी सरकार की मंशानुरूप प्रदेश में शिक्षकों की भर्ती प्रक्रिया को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) विज्ञापन संख्या-01/2022 के अंतर्गत 03 एवं 04 जून 2026 को आयोजित लिखित परीक्षा का परिणाम आयोग द्वारा घोषित कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों की विषयवार एवं श्रेणीवार शॉर्टलिस्ट आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। पात्रता एवं अभिलेख परीक्षण के लिए अभ्यर्थियों को लिखित परीक्षा में उपलब्ध रिक्तियों के सापेक्ष 1.5 गुना के अनुपात में आमंत्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य पूरी चयन प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करना है, ताकि प्रदेश के सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को योग्य एवं प्रशिक्षित शिक्षक शीघ्र उपलब्ध कराए जा सकें।
अभिलेख परीक्षण उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, 23 एलनगंज, प्रयागराज स्थित कार्यालय में विषयवार निर्धारित तिथियों पर आयोजित किया जाएगा। संस्कृत विषय का अभिलेख परीक्षण 09 जुलाई, गणित का 10 जुलाई, शारीरिक शिक्षा, संगीत, कृषि, उर्दू, गृह विज्ञान एवं वाणिज्य का 13 जुलाई, हिन्दी का 14 जुलाई, जीव विज्ञान एवं विज्ञान का 15 जुलाई, अंग्रेजी का 16 जुलाई तथा सामाजिक विज्ञान एवं कला का 17 जुलाई को आयोजित होगा।
आयोग अध्यक्ष ने बताया कि शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवश्यक शैक्षिक, आरक्षण एवं अन्य अभिलेख अपलोड करने संबंधी विस्तृत दिशा निर्देश तथा लिंक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर पृथक रूप से उपलब्ध कराए जाएंगे। अभ्यर्थी 01 जुलाई से अपना कॉल लेटर डाउनलोड कर सकेंगे।
आयोग अध्यक्ष ने अभ्यर्थियों से अपील की कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर सभी मूल अभिलेखों के साथ उपस्थित हों। निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों के दावों पर विचार किया जाना संभव नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अंतिम चयन परिणाम शीघ्र घोषित किया जाएगा।