वाराणसी में विकास कार्यों को दें रफ्तार, गुणवत्ता से न हो कोई समझौता: एके शर्मा
ऊर्जा मंत्री बोले - कम लोड वाले उपभोक्ताओं के एक माह तक नहीं कटेंगे कनेक्शन
वाराणसी, 25 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वाराणसी में चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाई जाए और गुणवत्ता के साथ किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को राहत देने के लिए विद्युत व्यवस्था में कई महत्वपूर्ण फैसले लागू किए गए हैं।
मंत्री ने बताया कि 1 किलोवाट तक के विद्युत कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन नेगेटिव बैलेंस होने पर भी एक माह तक नहीं काटा जाएगा। वहीं, 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को अधिकतम 200 रुपये तक की रियायत दी जाएगी। इसके अलावा, किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने से पहले पांच चरणों में एसएमएस अलर्ट भेजना अनिवार्य होगा। रविवार और अन्य सार्वजनिक अवकाशों पर भी नेगेटिव बैलेंस की स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी।
सर्किट हाउस में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान मंत्री ने शहर की स्वच्छता, जल निकासी और विद्युत आपूर्ति व्यवस्था पर विशेष जोर दिया। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए नालों की सफाई कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में जलभराव की समस्या उत्पन्न नहीं होनी चाहिए और इसके लिए नगर निगम व जलकल विभाग समन्वय के साथ कार्य करें।
सड़क और शहरी सौंदर्यीकरण कार्यों की समीक्षा करते हुए मंत्री ने सड़कों के किनारे इंटरलॉकिंग कार्य को प्राथमिकता देने और अतिक्रमण हटाने के लिए सख्त अभियान चलाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इससे शहर की व्यवस्था और आवागमन दोनों में सुधार होगा।
मंत्री शर्मा ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि इनका प्रभाव जमीनी स्तर पर स्पष्ट दिखाई देना चाहिए, ताकि वाराणसी को एक आधुनिक और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित किया जा सके। विद्युत ट्रिपिंग की समस्या पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में महापौर अशोक तिवारी,एमडी पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम शंभू कुमार, नगर विकास हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त आदि भी मौजूद रहे।