दिल्ली कार विस्फोट घटना पर मुख्यमंत्री सहित कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया
दिल्ली कार विस्फोट घटना पर मुख्यमंत्री सहित कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया
चेन्नई, 11 नवंबर । राष्ट्रीय राजधानी में एक कार में विस्फोट के बाद पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना के बाद तमिलनाडु पुलिस सार्वजनिक स्थलों पर कड़ी नज़र रख रही है। दिल्ली की घटना पर मुख्यमंत्री एमके स्टालिन व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेन्द्रन सहित
कई प्रमुख नेताओं ने अपनी संवेदना व्यक्त की हैं।
मंगलवार को मुख्यमंत्री स्टालिन ने सोशलमीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली में लाल किले के पास हुए कार विस्फोट में निर्दोष लोगों की जान जाना स्तब्धकारी और बेहद दुखद है। घटनास्थल से जो दृश्य आ रहे हैं, उन्हें देखकर मैं स्तब्ध हूँ। मैं मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पादी पलानीस्वामी ने भी एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली के लाल किले के पास हुए विस्फोट में हुई जनहानि हृदय विदारक है। मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। साथ ही, मैं हमारे सुरक्षा बलों की त्वरित और निर्णायक कार्रवाई की सराहना करता हूँ। लगभग 300 किलोग्राम विस्फोटक और कई एके-47 राइफलों की बरामदगी हमारे देश के सामने मौजूद गंभीर खतरों को रेखांकित करती है। उन्होंने लिखा कि स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तमिलनाडु सरकार और पुलिस को हाई अलर्ट पर रहने और राज्य में आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने भी एक पाेस्ट में कहा कि दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट से मैं बेहद स्तब्ध और दुखी हूँ। निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाकर की गई यह हिंसक कार्रवाई, वह भी इतने ऐतिहासिक स्मारक के पास, घोर निंदनीय है। मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूँ। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी प्रार्थना करता हूँ। मुझे आशा है कि आतंकवाद के इस जघन्य कृत्य के दोषियों को जल्द ही न्याय के कटघरे में लाया जाएगा।”
पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई ने भी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए पोस्ट किया कि दिल्ली कार विस्फोट में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ। हम दिल्ली कार विस्फोट की जाँच कर रहे अपने अधिकारियों के साथ एकजुटता से खड़े हैं और उनका पूरा समर्थन करते हैं। हम सभी की शांति और सुरक्षा के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं। आइए हम दृढ़ रहें।”
तवेका अध्यक्ष विजय ने अपनी पोस्ट में कहा कि दिल्ली लाल किला मेट्रो के पास हुए कार विस्फोट की खबर सुनकर मुझे गहरा सदमा और दुख हुआ। उस दुर्घटना में कई अनमोल जानें गईं। मैं उन परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया। मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।