उप्र के वरिष्ठ रंगकर्मी -अभिनेता डॉ. अनिल रस्तोगी को मिलेगा पद्मश्री, कई फिल्मों में किया सशक्त अभिनय
उप्र के वरिष्ठ रंगकर्मी -अभिनेता डॉ. अनिल रस्तोगी को मिलेगा पद्मश्री, कई फिल्मों में किया सशक्त अभिनय
लखनऊ , 25 जनवरी । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के प्रसिद्ध रंगकर्मी, वैज्ञानिक और फिल्म अभिनेता डॉ. अनिल रस्तोगी को कला और अभिनय के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पद्मश्री 2026 से सम्मानित किया जाएगा। अब तक उन्होंने 100 नाटक, 75 से अधिक फिल्में और कई चर्चित वेब सीरीज और टीवी धारावाहिकों में सशक्त अभिनय किया है।
केंद्र सरकार ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर आज रविवार को पद्म पुरस्कारों की घोषणा की है। पुरस्कारों की इस सूची में पद्मश्री पुरस्कार के लिए अनिल रस्तोगी का नाम शामिल है। लखनऊ के प्रसिद्ध रंगकर्मी अनिल रस्तोगी को कला के क्षेत्र में बडी शख्सियत माना जाता है। उनका जन्म 4 अप्रैल 1943 को लखनऊ में हुआ था और केंद्रीय औषधि अनुसंधान संस्थान सीडीआरआई में वैज्ञानिक रहे। कला व संस्कृति के प्रेमी अनिल रस्तोगी 'दर्पण' नाट्य समूह से जुड़े रहे। उनकी कला प्रतिभा दिखी जब उन्होंने इश्कजादे, मुल्क, द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर समेत कई प्रमुख फिल्मों में काम किया। वे 'गुल्लक', 'पंचायत', 'आश्रम' जैसी प्रसिद्ध सीरीज में सशक्त चरित्र भूमिकाओं के लिए जाने जाते हैं। अनिल रस्तोगी को संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार और यश भारती सम्मान से भी नवाजा जा चुका है।
राजधानी लखनऊ के लिए गर्व का क्षण
अनिल रस्तोगी को पद्मश्री पुरस्कार दिए जाने की घोषणा से लखनऊ के संस्कृति कर्मियों और कलाकारों में उत्साह और खुशी का माहौल है। सोशल मीडिया में अनिल रस्तोगी को बधाइयां दी जा रही हैं और उनके फोटो शेयर करके कला के क्षेत्र में किए गए उनके योगदान को प्रस्तुत कर रहे हैं। लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों में उनकी सक्रियता के कारण ही उन्हें सभी का प्यार मिल रहा है। 81 वर्षीय रंगकर्मी, फिल्म व टीवी कलाकार अनिल रस्तोगी ने करीब 70 से अधिक फिल्मों और वेब सीरीज में काम किया है। दूरदर्शन पर सीरियल उड़ान से उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली थी। दूरदर्शन के साथ उन्होंने 500 से अधिक शो किए हैं। इसके अलावा कई चर्चित कार्यक्रमों में भी काम किया है।