शहीदों के शौर्य एवं पराक्रम को श्रद्धांजलि देने के लिए योजना प्रस्तावित : जयवीर सिंह
शहीदों के शौर्य एवं पराक्रम को श्रद्धांजलि देने के लिए योजना प्रस्तावित : जयवीर सिंह
लखनऊ, 18 मई । संस्कृति विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 में आजादी के बाद विभिन्न युद्धों में शहीद सैनिकों की स्मृति में स्मारक निर्माण की कार्य योजना प्रस्तावित की गयी है। इसमें से कुछ जनपदों में स्मारकों के निर्माण हेतु धनराशि अवमुक्त कर दी गयी है। यह जानकारी प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी आगरा के प्रस्ताव पर वर्ष 1965 भारत पाकिस्तान युद्ध में शहीद हुए बहादुर सिंह की स्मृति में शहीद स्मारक का निर्माण किया जायेगा। इसके अलावा जनपद मथुरा में कारगिल युद्ध 1999 में शहीद श्याम सुंदर बेनीवाल की स्मृति में स्मारक का निर्माण कार्य प्रस्तावित है।
जयवीर सिंह ने बताया कि जनपद अयोध्या के ग्राम भदौली खुर्द विकास खण्ड पूरा बाजार में अमर शहीद जगदम्बा पाण्डेय द्वार तथा स्मारक के निर्माण के लिए 19.13 लाख रूपये की धनराशि प्रस्तावित की गयी है। इसी प्रकार जिलाधिकारी बुलन्दशहर के प्रस्ताव पर ग्राम मांमऊ, विकासखण्ड शिकारपुर में 1965 में भारत पाकिस्तान युद्ध में शहीद प्रहलाद सिंह की स्मृति में स्मारक का निर्माण 17.32 लाख रूपये की धनराशि से कराया जायेगा।
जयवीर सिंह ने बताया कि युद्ध में शहीदों की स्मृति को जीवन्त बनाये रखने के लिए राज्य सरकार द्वारा शहीद स्मारकों के निर्माण का प्रस्ताव किया गया है। देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहूति देने वाले शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि देने के लिए स्मारक निर्माण की परियोजना प्रस्तावित की गयी है। इन स्मारकों से युवा पीढ़ी प्रेरणा प्राप्त करेगी और उनके शौर्य एवं पराक्रम का स्मरण करेगी।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार जनपद गाजीपुर के जखनिया विधानसभा क्षेत्र में ग्रामसभा धामपुर वीर अब्दुल हमीद की स्मृति में स्मारक निर्माण एवं सौन्दर्यीकरण परियोजना के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में 01 करोड़ रूपये की धनराशि प्राविधानित की गयी है। इसके निर्माण के लिए निविदा की कार्यवाही प्रगति पर है। इसके अलावा जालौन जनपद के शहीद श्याम सिंह सेंगर के स्मारक स्थल के निर्माण के लिए 01 करोड़ रूपये की धनराशि प्रस्तावित की गयी है। कार्यदायी संस्था द्वारा निविदा की कार्यवाही की जा रही है।