अयोध्या में रामनवमी पर्व : सरयू स्नान—दान पुण्य और राम लला के दर्शन के लिए उमडे़ लाखों श्रद्धालु
-ब्रह्म मुहूर्त से ही लाखों श्रद्धालु सरयू नदी के घाटों पर स्नान के लिए पहुंचे
अयोध्या, 27 मार्च । रामनवमी पर्व पर आज राम नगरी अयोध्या में श्रद्धा का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। शुक्रवार ब्रह्म मुहूर्त से ही लाखों श्रद्धालु सरयू नदी के घाटों पर स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। आज के दिन सरयू स्नान और दान को इस दिन विशेष पुण्यदायी माना जाता है। दूर-दराज से आए लाखाें भक्त पूरे उत्साह के साथ धार्मिक अनुष्ठानों में शामिल हो रहे हैं।
सरयू स्नान के बाद श्रद्धालु राम मंदिर अयोध्या सहित प्रमुख मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं । मंदिरों को भव्य सजावट, फूलों और रोशनी से सजाया गया है। जय श्रीराम के जयघोष से पूरी नगरी भक्तिमय माहौल में डूबी हुई है। महिलाओं द्वारा पारंपरिक सोहर गीत और भजन-कीर्तन का आयोजन है। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खास उत्साह देखने को मिला।
रामनवमी पर अयोध्या में भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। एडीजी ज़ोन लखनऊ प्रवीण कुमार समेत सभी वरिष्ठ अधिकारी सक्रिय हैं। आयुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. गौरव ग्रोवर कानून व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं। 26 मार्च को 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने सरयू नदी में स्नान किया। आज 27 मार्च को भी करीब 10 लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं, और सिलसिला जारी है।