सोशल मीडिया मायाजाल से दूरी बनाकर अपनी संस्कृति, मर्यादा और मूल्यों की रक्षा करें : देवकीनंदन
--महाराजा कालेज में आयोजित हुआ विराट हिन्दू सम्मेलन
मथुरा, 03 फरवरी। गोवर्धन क्षेत्र के पाली डूंगरा स्थित महाराजा कॉलेज में मंगलवार आयोजित विराट हिंदू सम्मेलन में श्रद्धा, संकल्प और सामाजिक सरोकारों का अनूठा संगम देखने को मिला। इस भव्य आयोजन में हजारों सनातन धर्मावलम्बी एकत्र हुए और ब्रज की सांस्कृतिक विरासत की रक्षा का संकल्प लिया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि प्रख्यात कथा वाचक देवकीनंदन महाराज ने मंच से सम्बोधित करते हुए ब्रज क्षेत्र की पवित्रता को सर्वोपरि बताया और शराब तथा मांस की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध की मांग की। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली की गरिमा बनाए रखना हम सभी का दायित्व है और इसके लिए किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। उनका कहना था कि ब्रज केवल भौगोलिक क्षेत्र नहीं, बल्कि आस्था और संस्कारों की भूमि है।
देवकीनंदन महाराज ने सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से भी समाज को सचेत किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर फैल रही आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री से विशेष रूप से बहन-बेटियों को सावधान रहने की आवश्यकता है। उन्होंने आह्वान किया कि युवा डिजिटल दुनिया के मायाजाल से दूरी बनाकर अपनी संस्कृति, मर्यादा और मूल्यों की रक्षा करें।
सम्मेलन में साध्वी सरस्वती ने हिंदू समाज को एकजुट रहने का संदेश देते हुए युवाओं से परम्पराओं से जुड़ने और धर्म-संस्कृति की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उनका कहना था कि संगठित समाज ही अपनी पहचान और विरासत को सुरक्षित रख सकता है। विराट हिंदू सम्मेलन के माध्यम से संत समाज और श्रद्धालुओं ने स्पष्ट संकेत दिया कि ब्रज की धार्मिक और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए समाज अब जागरूक और एकजुट है। यह आयोजन न केवल धार्मिक भावना का प्रदर्शन था, बल्कि सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक संरक्षण का मजबूत संदेश भी लेकर आया।