प्रयागराज : नगर निगम से संचालित 15 चिकित्सालय खोलने की मांग
महापौर ने नगर आयुक्त व नगर स्वास्थ्य अधिकारी से रिपोर्ट मांगी

प्रयागराज, 14 जून। कभी नगर निगम द्वारा शहर की जनता के इलाज के लिए 15 चिकित्सालय संचालित हुआ करते थे। जिसके लिए भाजपा महानगर उपाध्यक्ष ने महापौर से मिलकर पत्रक सौंपा और कार्यवाही की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि इसके अंतर्गत 8 एलोपैथिक, 5 होम्योपैथिक, 2 आयुर्वेदिक एवं 2 यूनानी चिकित्सालय हैं। यह सभी शहर के मुख्य महत्वपूर्ण एरिया में हैं। जो नगर निगम परिसर सिविल लाइन, पटेल संक्रमण अस्पताल अल्लापुर, मुट्ठीगंज, खुल्दाबाद, सुलेमसराय, कटरा, दारागंज, तेलियरगंज, नैनी, बैरहाना, अल्लापुर, रसूलपुर में है।
बुधवार को स्वच्छ वसुंधरा सोसायटी के सचिव एवं भाजपा महानगर उपाध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने महापौर गणेश केसरवानी से मुलाकात कर इस सम्बंध में पत्र सौंपा। जिस पर महापौर ने नगर आयुक्त एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी से उपरोक्त स्थानों की स्थिति पर रिपोर्ट मांगी है। महापौर ने कहा कि खाली पड़े स्थानों पर नगर निगम द्वारा आवश्यक उपकरण अल्ट्रासाउंड मशीन डिजिटल एक्स-रे मशीन आदि की व्यवस्था नगर निगम करेगा। सीएमओ से वार्ता पर उपरोक्त स्थानों पर चिकित्सा केंद्र खोले जाएंगे। यह जानकारी भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी ने देते हुए इस फैसले को ऐतिहासिक फैसला बताया है और महापौर को इसके प्रति कृतज्ञता व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि नवनिर्वाचित महापौर गणेश केसरवानी और 100 पार्षदों वाली सदन विकास कार्यों के मुद्दे पर आगे बढ़ रही है। शहर के प्रत्येक वार्डों में विकास कार्य की रूपरेखा तैयार की जा रही है। प्रत्येक वार्ड में 20-20 लाख रुपये के बजट के हिसाब से विकास कार्य होने हैं। इसके लिए महापौर की ओर से सभी 100 पार्षदों से अपने-अपने क्षेत्र के विकास कार्य सम्बंधित प्रस्ताव मांगे गए हैं।
महापौर ने बताया कि विस्तारित क्षेत्रों में नगर सृजन योजना के तहत कार्य कराए जाने हैं। इस योजना के अनुसार प्रयागराज नगर निगम को करीब सात करोड़ रुपये का बजट मिला है। बीते मंगलवार को नगर निगम सदन की बैठक में भी महापौर ने इस बात पर जोर दिया था। कहा कि प्राथमिकता के आधार पर जिन कार्यों को कराया जाना है, उसका प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराएं।