एटीएम कार्ड बदलकर खाते से पैसे निकालने वाले तीन बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़, एक घायल
एटीएम कार्ड बदलकर खाते से पैसे निकालने वाले तीन बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़, एक घायल
नोएडा, 07 जून । थाना बिसरख पुलिस ने शनिवार की देर रात को एक मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की ओर से चलाई गई गोली एक बदमाश के पैर में लगी है। यह बदमाश एटीएम मशीन में पैसा निकालने वाले लोगों को अपने जाल में फंसाकर धोखाधड़ी करके उनसे एटीएम कार्ड बदलकर उनके खाते से मोटी रकम निकाल लेते हैं। इन बदमाशों ने 12 से अधिक वारदातें करनी स्वीकार की है।
पुलिस उपायुक्त सेंट्रल जोन शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना बिसरख पुलिस शनिवार की देर रात को बैरियर लगाकर एसकेए चौराहे पर चेकिंग कर रही थी। तभी ग्रीन आर्क सोसाइटी की तरफ से आ रही एक मोटरसाइकिल जिस पर तीन लोग सवार थे, संदिग्ध होने पर पुलिस ने उन्हें रूकने का इशारा किया। उन्होंने बताया कि बदमाश रुकने की बजाय मोटरसाइकिल मोड़कर भागने लगे।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने बदमाशों का पीछा करके उन्हें घेर लिया। अपने आपको पुलिस से घिरा हुआ देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। उन्होंने बताया की जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। पुलिस की चलाई गई गोली सलारपुर निवासी सोहेल मलिक के पैर में जा लगी। पुलिस ने घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया है। घायलावस्था में उपचार के लिए उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि इसके दो अन्य साथी शोएब मलिक और राकेश कुमार मौके से भाग गए। कांबिंग के दौरान पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि इनके पास से पुलिस ने देशी तमंचा, कारतूस, चोरी की एक मोटरसाइकिल आदि बरामद किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया कि ये लोग राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में घूम- घूमकर एटीएम मशीन को चिन्हित करते हैं। ये बदमाश एटीएम मशीन में कार्ड लगाने वाली जगह पर फेविक्विक डाल देते हैं जिससे पैसा निकालने वाले व्यक्ति का कार्ड फंस जाता है। एटीएम मशीन पर एक पर्ची पर हेल्पलाइन नंबर डालते हैं। यह नंबर इनका निजी होता है। लोगो का जब एटीएम मशीन से पैसे नहीं निकलता है तो इनके मोबाइल फोन पर हेल्प के लिए बात करते हैं। ये लोग थोड़ी देर बाद वहां पर आते हैं और प्लाश और पेचकस की मदद से एटीएम मशीन से कार्ड को निकाल कर, कार्ड बदल लेते हैं, तथा बाद में पैसे निकाल लेते हैं। उन्होंने बताया कि इन बदमाशों ने इस तरह की कई वारदातें करनी स्वीकार की है।