पीडीए 100 एकड़ में एयरोसिटी का निर्माण शीघ्र करेगा

एयरोसिटी में मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए प्लाट की बुकिंग शीघ्र होगी शुरू

पीडीए 100 एकड़ में एयरोसिटी का निर्माण शीघ्र करेगा

प्रयागराज, 19 जून । संगमनगरी प्रयागराज में आशियाना बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए बहुत अच्छी खबर है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) 30 साल बाद नई आवासीय कॉलोनी बसाने जा रहा है। प्रयागराज विकास प्राधिकरण एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में 100 एकड़ में एयरोसिटी का शीघ्र निर्माण करने जा रहा है जिसके लिए जल्द ही भूमि अधिग्रहण यानि लैंड एक्विजिशन का भी कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

पीडीए उपाध्यक्ष ऋषिराज ने शुक्रवार काे बताया कि एयरोसिटी में मध्यम आय वर्ग के लोगों के लिए जल्द ही प्लाट की बुकिंग भी शुरू हो सकेगी, जिससे लोगों के लिए घर बनाकर रहने का सपना साकार हो सकेगा। उन्होंने बताया कि एयरोसिटी के निर्माण के लिए कैबिनेट की सैद्धांतिक सहमति भी मिल चुकी है और भूमि अधिग्रहण के लिए सरकार से धनराशि भी मिल गई है। इस महत्वाकांक्षी योजना में 50 फ़ीसदी धनराशि राज्य सरकार खर्च करेगी। जबकि 50 फ़ीसदी धनराशि प्रयागराज विकास प्राधिकरण द्वारा वहन किया जाएगा।

उन्होंने कहा है कि किसानों से आम सहमति के आधार पर जमीनें खरीदी जाएंगी। जमीन खरीदने के बाद रेरा अप्रूवल कराने के बाद आवासीय और कामर्शियल प्लाट लोगों को मुहैया कराए जाएंगे। इसके अलावा इस योजना में सामुदायिक प्लाट भी निकाले जाएंगे।

पीडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि एयरोसिटी योजना के दूसरे चरण में इसके अंदर आईटी आर्ट या आईटी सिटी बसाने की भी योजना है। जो पूरी तरह से हाईटेक होगी और बेंगलुरु की हाइटेक सिटी को टक्कर देगी। एयरोसिटी के अंदर विभिन्न खंडों का भी निर्माण किया जाएगा। एयरोसिटी निर्माण के लिए आम जनता से भी फीडबैक लिया जा रहा है। इस योजना में न्यायिक सेवा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी न्याय कॉलोनी बनाए जाने का भी प्रस्ताव है। पीडीए उपाध्यक्ष का कहना है कि अलग-अलग वर्ग के लोगों के लिए सस्ते दरों पर कैसे आवासीय प्लाट उपलब्ध कराए जा सकते हैं। इस दिशा में प्रयागराज विकास प्राधिकरण काम कर रहा है। ताकि लोगों की आवासीय समस्या का समाधान हो सके।