पुलिस मुठभेड़ में घायल हिस्ट्रीशीटर की उपचार के दौरान मौत
पुलिस मुठभेड़ में घायल हिस्ट्रीशीटर की उपचार के दौरान मौत
प्रयागराज, 04 फ़रवरी। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित करछना थाना क्षेत्र में 27 जनवरी की रात हुई मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली से घायल पप्पू सोनकर की उपचार के दौरान स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में बुधवार की शाम मौत हो गई। पुलिस कहना है कि उसकी मौत का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
सहायक पुलिस आयुक्त करछना सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 27 जनवरी की रात हुई मुठभेड़ के दौरान गोली से घायल बदमाश प्रयागराज के जार्जटाउन थाना क्षेत्र के सोहबतियाबाग निवासी पप्पू सोनकर (45) पुत्र स्वर्गीय सोहन लाल सोनकर की स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में उपचार के दौरान बुधवार दोपहर बाद मौत हो गई। शव को चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उसकी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वहीं दूसरी ओर परिवार वालों ने आरोप लगाया कि मुठभेड़ से दो दिन पूर्व पुलिस घर से बुलाकर ले गई और गोली मार दिया। आक्रोशित परिजनों ने गोली से घायल दूसरे युवक जितेन्द्र को किसी दूसरे अस्पताल में उपचार कराने की मांग किया है। परिवार वालों कहना है कि स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय के डाक्टरों के ऊपर से भरोसा उठ गया है।