नए उत्तर प्रदेश की तेज़ रफ्तार, सशक्त सोच और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक है गंगा एक्सप्रेसवे: नन्दी
उद्घाटन की पूर्व संध्या पर औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने दी शुभकामनाएं
लखनऊ, 28 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने मंगलवार को बताया कि बुधवार 29 अप्रैल 2026 का दिन प्रयागराज सहित पूरे उत्तर प्रदेश के विकास इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जा रहा है, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया जाएगा। यह केवल एक सड़क परियोजना नहीं, बल्कि नए भारत और नए उत्तर प्रदेश की तेज़ रफ्तार, सशक्त सोच और दूरदर्शी नेतृत्व का प्रतीक है।
मंत्री नन्दी ने बयान जारी कर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते वर्षों में विकास की अभूतपूर्व गति हासिल की है। आज प्रदेश एक्सप्रेसवे नेटवर्क के मामले में देश में अग्रणी बन रहा है, और गंगा एक्सप्रेसवे इस विकास यात्रा का एक मील का पत्थर साबित होगा।
मंत्री नन्दी ने कहा कि यह एक्सप्रेसवे प्रयागराज के व्यापार, सेवा क्षेत्र और स्थानीय उद्योगों को नई गति देगा। शहर के व्यापारी, उद्यमी और युवाओं को नए अवसर मिलेंगे। वहीं पर्यटन और तीर्थ यात्रा को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। संगम नगरी में देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यात्रा और अधिक सहज होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रयागराज, जो आस्था, शिक्षा और इतिहास का संगम है, अब विकास की नई धारा का भी केंद्र बन रहा है। यह नया उत्तर प्रदेश है, जहां विरासत के साथ विकास और विश्वास साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं। डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रयागराज का गौरव और अधिक सशक्त हो रहा है और इसका भविष्य और भी उज्ज्वल बन रहा है।