अगले पांच दिन बूंदाबांदी और गरज-चमक के आसार, 14-15 सितंबर को वज्रपात की चेतावनी
-पूर्वी उत्तर प्रदेश में 18 सितंबर तक कहीं-कहीं बारिश की संभावना, 16 सितंबर से मौसम की चेतावनी नहीं
प्रयागराज, 14 सितंबर । मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक मौसम में उतार-चढ़ाव बने रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के 14 सितंबर को जारी पूर्वानुमान के अनुसार 14 से 18 सितंबर तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, 14 और 15 सितंबर को कुछ स्थानों पर मेघगर्जन के साथ वज्रपात की संभावना को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर के मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार मानसूनी गतिविधियों के कारण पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक स्थानीय स्तर पर बारिश का दौर बना रह सकता है। उन्होंने कहा कि 14 से 18 सितंबर के बीच कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है, जबकि 19 और 20 सितंबर को बारिश का दायरा कुछ सीमित हो सकता है। ऐसे में लोगों को मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक 14 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। 15 से 18 सितंबर तक भी कुछ स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है। 19 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 20 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर वर्षा हो सकती है।
14 और 15 सितंबर को वज्रपात से रहें सावधान
मौसम संबंधी चेतावनी में 14 और 15 सितंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ वज्रपात की संभावना जताई गई है। 16 सितंबर से अगले दिनों के लिए अलग से कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। ऐसे में गरज-चमक के दौरान लोगों को खुले स्थानों में जाने से बचने और सुरक्षित स्थान पर रहने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. पांडेय ने किसानों को भी मौसम को ध्यान में रखकर कृषि कार्य करने की सलाह दी है। बारिश की संभावना वाले क्षेत्रों में खेतों में जल निकासी की व्यवस्था बनाए रखना उपयोगी होगा। गरज-चमक के दौरान पेड़, बिजली के खंभे और खुले स्थान से दूरी बनाए रखना सुरक्षित रहेगा।
पूर्वानुमान: 14 से 18 सितंबर तक पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के आसार हैं। 19 और 20 सितंबर को भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।