गोल्डी हत्याकांड के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग, 5 जुलाई को विहिप निकालेगा कैंडल मार्च
गोल्डी हत्याकांड के दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग, 5 जुलाई को विहिप निकालेगा कैंडल मार्च
प्रयागराज, 04 जुलाई । विश्व हिंदू परिषद (विहिप) 5 जुलाई कैंडल मार्च निकालेगा। ये मार्च गोल्डी हत्याकांड के आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी, उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई तथा मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की मांग को लेकर होगी। कैंडल मार्च 5 जुलाई की शाम 6:30 बजे सरस्वती शिशु मंदिर, जारी बाजार से कृषक इंटर कॉलेज, गढ़ैया तक कैंडल मार्च निकाला जाएगा।
यह जानकारी शनिवार को विश्व हिंदू परिषद, गोरक्षा काशी प्रांत के प्रांत मंत्री लाल मणि तिवारी ने दी। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से बड़ी संख्या में इसमें शामिल होने की अपील की है।
विश्व हिंदू परिषद की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, कैंडल मार्च की तैयारियों को लेकर शंकरगढ़, बारा, लालापुर, नारीबारी, गौहनिया, मिश्राबांध, जारी बाजार और कौंधियारा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बैठकों का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर चर्चा की।
श्री तिवारी ने कहा कि संगठन की मांग है कि मामले में सभी आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी स्तर पर पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी निष्पक्ष विभागीय जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि कैंडल मार्च का उद्देश्य मृतका गोल्डी को श्रद्धांजलि अर्पित करना तथा न्याय की मांग को शांतिपूर्ण तरीके से उठाना है।
संगठन का कहना है कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ऐसे मामलों में त्वरित न्याय की आवश्यकता है।
इस अभियान की तैयारियों में विश्व हिंदू परिषद के गोरक्षा प्रांत उपाध्यक्ष वीरेंद्र जायसवाल, देवव्रत द्विवेदी, राम कैलाश पांडे, संदीप केसरवानी, गजेंद्र पांडे, मुन्ना बरेटिया, विपिन मिश्रा, शिवाकांत सहित विभिन्न क्षेत्रों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जुटे हुए हैं।
संगठन ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कैंडल मार्च में शामिल होकर अपनी सहभागिता दर्ज कराने की अपील की है।