सीएचसी पिहानी में प्रसव के बाद मौत

सीएचसी पिहानी में प्रसव के बाद मौत

सीएचसी पिहानी में प्रसव के बाद मौत

हरदोई, 14 दिसंबर। हरदोई जिले के पिहानी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रसव के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई।घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही और गलत इलाज के आरोप लगाए हैं, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।

ढोकईया गांव निवासी रोशनी पत्नी रामबाबू को रविवार तड़के करीब तीन बजे प्रसव पीड़ा होने पर सीएचसी पिहानी में भर्ती कराया गया था। सुबह लगभग दस बजे महिला ने एक पुत्र को जन्म दिया। इसके बाद उसे पोस्ट-डिलीवरी वार्ड में शिफ्ट किया गया।

परिजनों के अनुसार, वार्ड में ले जाने के कुछ समय बाद महिला को पेट में तेज दर्द होने लगा। आरोप है कि इस दौरान मौजूद नर्स द्वारा एक आईवी ड्रिप लगाई गई, जिसके बाद उसकी तबीयत और बिगड़ती चली गई। मृतका की सास आशा देवी का आरोप है कि इलाज के नाम पर नर्स ने दो हजार रुपये की मांग की, जिसे मजबूरी में देना पड़ा।

परिजनों का कहना है कि महिला की हालत लगातार गंभीर होती रही, लेकिन समय पर कोई जिम्मेदार डॉक्टर मौके पर नहीं पहुंचा। इलाज में देरी और कथित लापरवाही के चलते रोशनी की मौत हो गई। हालांकि, नवजात शिशु पूरी तरह स्वस्थ बताया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलने पर मुख्य चिकित्साधिकारी भाव नाथ पांडे अस्पताल पहुंचे। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रसव के दौरान होने वाली मृत्यु के पीछे कई चिकित्सकीय कारण हो सकते हैं। सीएमओ ने बताया कि मामले की पूरी रिपोर्ट तलब की गई है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जा सकेगी।

सीएमओ ने यह भी कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध न होने पर भी नाराजगी जताई। फिलहाल, घटना को लेकर परिजनों में आक्रोश है और वे निष्पक्ष जांच के साथ दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।