मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 7 अप्रैल को आगरा दौरा,मेगा टाउनशिप का करेंगे शिलान्यास
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 7 अप्रैल को आगरा दौरा,मेगा टाउनशिप का करेंगे शिलान्यास
आगरा, 05 अप्रैल । उत्तर प्रदेश के आगरा जनपद का 7 अप्रैल को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री यहां ग्राम रायपुर व रहनकलां (ग्रेटर आगरा योजना) में आवासीय टाउनशिप का शिलान्यास करेंगे। शिलान्यास से पूर्व मुख्यमंत्री विधिवत भूमिपूजन, टाउनशिप मॉडल का अवलोकन, विभिन्न विभागों की योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास तथा कार्यक्रम स्थल के निकट ही विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से पहले रविवार को आगरा के प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह ने तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों संग मंच स्थल का निरीक्षण किया।
प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह आज लखनऊ से हेलीकॉप्टर से करीब 3 बजे दोपहर आगरा पहुंचे। उन्होंने प्रस्तावित शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारी के लिए आयुक्त आगरा कार्यालय की सभागार में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। समीक्षा बैठक के उपरांत प्रभारी मंत्री सीधे शिलान्यास स्थल ग्राम रहनकलां पहुंचे। जहां करीब एक घंटे रहने के बाद वहां चल रही तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के साथ-साथ विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, केन्द्रीय मंत्री डा. एस.पी. सिंह बघेल,
विधायक एत्मादपुर धर्मपाल सिंह, विधायक फतेहपुर सीकरी चौ. बाबूलाल, विधायक आगरा छावनी डा. जी.एस. धर्मेश, विधायक बाह रानी पक्षालिका सिंह, महापौर हेमलता दिवाकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया आदि भी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। बैठक के उपरान्त प्रभारी मंत्री कार से जनपद फिरोजाबाद के लिए प्रस्थान कर गए।
जिलाध्यक्ष बीजेपी प्रशांत पोनियाँ ने बताया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 7 अप्रैल को आगरा आ रहे हैं और एत्मादपुर के रायपुर रहनकलां क्षेत्र में आवासीय मेगा प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे, जिससे आगरा में इंफ्रास्ट्रक्चर और आवासीय विकास को नई रफ्तार मिलेगी।