बजट में है दिल्ली की सभी समस्याओं को हल करने पर फोकस : भाजपा

बजट में है दिल्ली की सभी समस्याओं को हल करने पर फोकस : भाजपा

बजट में है दिल्ली की सभी समस्याओं को हल करने पर फोकस : भाजपा

नई दिल्ली, 03 फरवरी । दक्षिण दिल्ली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने 2026-27 के आम बजट को दिल्ली की सभी समस्याओं को हल करने वाला बताया।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि 2026-27 के आम बजट में दिल्ली के परिवहन, पीने के पानी, स्वास्थ्य, प्रदूषण और कानून-व्यवस्था पर खास ध्यान दिया गया है। इनसे दिल्ली की जनता का जीवन स्तर बेहतर होगा बल्कि नई योजनाओं से रोजगार और विकास के रास्ते भी खुलेंगे।

भाजपा सांसद ने कहा कि पूरे देश में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय का 6 लाख करोड़ का बजट रखा गया है। इसमें से 27328 करोड़ की योजनाएं केवल दिल्ली के लिए ही हैं। इनमें शिवमूर्ति से महिपालपुर तक टनल और एम्स से महिपालपुर तक एलिवेटिड रोड शामिल हैं। इन दोनों योजनाओं में 3500 और 5000 करोड़ खर्च होंगे। इसके अलावा पंजाबी बाग से टीकरी बॉर्डर तक बनाए जाने वाले रोड पर 1504 करोड़, आश्रम से बदरपुर तक बनने वाली रोड पर 513 करोड़ और महरौली से दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर तक बनने वाली रोड पर 1461 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। अर्बन एक्सटेंशन रोड यानी यूईआर से जुड़ने वाली सड़कों पर भी 15000 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 के बजट में रेलवे ने दिल्ली के लिए 2711 करोड़ का प्रावधान किया। 2009 से 2014 के बीच दिल्ली को रेलवे औसतन 96 करोड़ की योजनाएं ही देता रहा है। अब 28 गुना ज्यादा राशि का प्रावधान किया गया है।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि इस समय दिल्ली में 8976 करोड़ रुपये की रेलवे की योजनाओं पर काम हो रहा है जिसमें 13 स्टेशनों का कायाकल्प भी शामिल है। इस समय दिल्ली से 14 वन्देभारत ट्रेन और 8 अमृत भारत ट्रेन चल रही हैं। दिल्ली में अब रेलवे का पूरी तरह इलेक्ट्रिफिकेशन हो गया है और नए 14 फ्लाई ओवर और अंडरपास बनाए गए हैं।

भाजपा सांसद ने कहा कि बजट में दिल्ली से वाराणसी के बीच हाई स्पीड रेल कॉरिडोर का ऐलान हुआ है। दिल्ली से वाराणसी तक का सफर 3.5 घंटे में पूरा करेगी। रीजनल रेल ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) को इस बार 2,200 करोड़ रुपये का बजट मिला है। देशभर में मेट्रो विस्तार के लिए 28695 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसमें से दिल्ली मेट्रो को भी बड़ा हिस्सा मिलेगा। प्रदूषण नियंत्रण के लिए 1,091 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। इस प्रकार पिछले वर्ष के मुकाबले बजट में प्रदूषण नियंत्रण के लिए अभी 237 करोड़ रुपये अधिक रखे गए हैं।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के पांच प्रमुख अस्पतालों एम्स, सफदरजंग, आरएमएल, लेडी हार्डिंग, कलावती सरन को लगभग 10,122 करोड़ का आवंटन किया गया है, जो पिछले वर्ष से लगभग 1,185 करोड़ रुपये अधिक है। इससे अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण, सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक मरीजों की देखभाल बेहतर हो पाएगी। अकेले एम्स को ही 5,500 करोड़ रुपये से अधिक मिले हैं।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि दिल्ली में बेहतर कानून व्यवस्था और दिल्ली पुलिस को हाई टेक बनाने के लिए इस बार 12,846 करोड़ 13 लाख रुपये दिए गए हैं। यह पिछले वर्ष से 307 करोड़ 13 लाख रुपये अधिक है। इसके अलावा दिल्ली में जल आपूर्ति सुधारने के लिए चंद्रावल वाटर वर्क्स प्रोजेक्ट को केंद्र से 380 करोड़ की सहायता राशि दी जाएगी।

भाजपा सांसद ने कहा कि बजट में दिल्ली अर्बन आर्ट कमिशन का बजट 5 करोड़ 78 लाख रुपये, एनसीआर प्लानिंग बोर्ड के लिए 470 करोड़ रुपये, राजघाट समाधि समिति और कैंटीन के लिए आठ करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। इग्नू विश्वविद्यालय और स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर को पिछले साल के मुकाबले 10-10 करोड़ ज्यादा दिए गए हैं। 1984 सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के लिए मुआवजा बढ़ाने के मद में 2 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की योजनाओं में भी दिल्ली को बड़ी हिस्सेदारी मिलने वाली है। पिछले वर्ष यह 12,483 करोड़ था, अब 13,611 करोड़ रुपये किया गया है।

इस दाैरान दिल्ली भाजपा मीडिया प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर और कार्यालय मंत्री बृजेश राय भी उपस्थित थे।