होली पर बरेली को रेल राहत का बड़ा तोहफा, चलेंगी 48 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें
होली पर बरेली को रेल राहत का बड़ा तोहफा, चलेंगी 48 से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें
बरेली, 25 फरवरी। होली के पर्व पर घर जाने की आपाधापी के बीच रेलवे ने बरेली के यात्रियों को बड़ी राहत दी है। बरेली होकर गुजरने वाली 48 से अधिक होली स्पेशल ट्रेनों की समय-सारिणी जारी कर दी गई है। इन ट्रेनों में स्लीपर और एसी कोच में पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं, जिससे नियमित ट्रेनों पर दबाव कम हुआ है और वेटिंग लिस्ट स्थिर होने लगी है।
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के अनुसार 05575/05576 सहरसा-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल 11 मार्च को सहरसा से तथा 10 और 17 मार्च को आनंद विहार से चलेगी। सहरसा से चलकर यह ट्रेन दूसरे दिन शाम 6:34 बजे बरेली पहुंचेगी और रात 1:05 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार से सुबह 5:15 बजे चलकर 10:40 बजे बरेली पहुंचेगी। इसी तरह 05579/05580 पूर्णिया कोर्ट-आनंद विहार स्पेशल छह से 15 मार्च के बीच अलग-अलग तिथियों में संचालित होगी और शाम 6:34 बजे बरेली पहुंचेगी। वहीं 04009 सीतामढ़ी-दिल्ली होली स्पेशल 27 फरवरी और छह मार्च को चलेगी, जो शाम 5:58 बजे बरेली जंक्शन पहुंचेगी।
रेलवे के मुताबिक फरवरी के अंतिम सप्ताह तक नियमित ट्रेनें फुल थीं, लेकिन स्पेशल ट्रेनों के संचालन से चार से छह मार्च के बीच कई लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटें उपलब्ध हो गई हैं। सामान्य दिनों में बरेली से होकर 102 ट्रेनें गुजरती हैं। 28 फरवरी तक 38 ट्रेनें निरस्त थीं, जिनका संचालन भी मार्च के पहले सप्ताह से शुरू होगा। स्पेशल ट्रेनों को मिलाकर 150 से अधिक लंबी दूरी की ट्रेनें बरेली से होकर गुजरेंगी।
इसके अलावा 15020/15019 टनकपुर-देहरादून एक्सप्रेस अब सप्ताह में तीन दिन चलेगी, जबकि 12035/12036 टनकपुर-दिल्ली जन शताब्दी एक्सप्रेस को मझोला पकड़िया स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव दिया गया है। रेलवे ने यात्रियों से समय से आरक्षण कराने की अपील की है। संकेत साफ हैं—इस बार होली पर घर पहुंचना पहले से ज्यादा आसान रहेगा।