बहराइच : रेलवे ओवरब्रिज को सांसद डॉ आनन्द गोंड ने किया लोकार्पित, बोले- जाम से मिलेगी मुक्ति
बहराइच : रेलवे ओवरब्रिज को सांसद डॉ आनन्द गोंड ने किया लोकार्पित, बोले- जाम से मिलेगी मुक्ति
बहराइच, 17 जून । बहराइच-गोण्डा मार्ग पर निर्मित बहुप्रतीक्षित ओवरब्रिज को बहराइच सांसद डॉ आनन्द गोंड ने वैदिक मंत्रोच्चार के मध्य विधिपूर्वक पूजन के साथ फीता खोलकर बुधवार को लोकार्पित कर दिया। अब बहराइच सहित पड़ोसी जनपद गोण्डा से आने जाने वाले वाहन सवारों को जाम की समस्या से राहत मिल सकेगी।
करीब 40 करोड़ की लागत से निर्मित यह ओवरब्रिज पिछले तीन वर्षों से निर्माणाधीन था, जिसे आज सांसद ने उद्घाटित कर लोक जनमानस के सुगम आवागमन के लिए खोल दिया। इससे सिर्फ जनपद ही नहीं बल्कि नवनिर्मित ओवरब्रिज अयोध्या से पड़ोसी राष्ट्र नेपाल जाने वाले यात्रियों और मालवाहक वाहनों के लिए भी लाभकारी होगा।
इस अवसर पर सांसद डॉ आनन्द गोंड ने जिले की जनता को बधाई दी। ऊउन्होंने कहा कि आज बहुत प्रसन्नता का विषय है। रेलवे क्रासिंग की समपार फाटक संख्या 40 पर 40 करोड़ रुपये की लागत से यह ओवरब्रिज ढाई वर्षों में बनकर तैयार हुआ है। आज इसे लोकार्पित करने का सौभाग्य मिला है। इस रेलवे ओवरब्रिज के बन जाने से अब यातायात काफी सुचारू हो जाएगा और जाम से बहुत अधिक राहत मिलेगी।