नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर मथुरा में भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस का पुतला दहन
नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर मथुरा में भाजपा का प्रदर्शन, कांग्रेस का पुतला दहन
मथुरा, 22 अप्रैल। भारतीय जनता पार्टी की मथुरा महानगर इकाई ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित न होने पर कांग्रेस, समाजवादी पार्टी सहित विपक्षी दलों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव के नेतृत्व में महिला मोर्चा एवं युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कंकाली रोड स्थित बीएसए कॉलेज के मुख्य द्वार पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया।
भाजपा महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष पूजा चौधरी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास महिलाओं के सशक्तीकरण के विरोध से जुड़ा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध कर कांग्रेस ने एक बार फिर अपनी महिला विरोधी मानसिकता उजागर की है।
महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि इस अधिनियम के तहत लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान था लेकिन विपक्ष ने सुनियोजित रणनीति के तहत इसे पारित नहीं होने दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि देश की महिलाएं इसका उचित जवाब देंगी और नारी शक्ति को कमतर आंकने की राजनीति अब सफल नहीं होगी।
भारतीय जनता युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष यज्ञ दत्त कौशिक ने कहा कि अधिनियम का विरोध कर विपक्ष ने स्पष्ट कर दिया है कि वह महिलाओं को उनका अधिकार देने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सदैव महिला सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। आगे भी इस दिशा में कार्य करती रहेगी।
महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने विपक्ष की सोच को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि यह महिलाओं के अधिकारों के प्रति उदासीनता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि देश की जनता, विशेषकर महिलाएं, ऐसे रवैये को स्वीकार नहीं करेंगी। आने वाले समय में इसका करारा जवाब देंगी।
इस अवसर पर प्रदेश युवा मोर्चा मंत्री पवन हिंडोल, महानगर मंत्री इं. कल्पना गर्ग, पूर्व पार्षद माधुरी सिंह, पूनम गौर, पूजा सैनी, आरती चतुर्वेदी, सुनीता शर्मा, कृष्णा चौधरी, नीलम चौधरी, हेमा सिंह, मनीषा, उमा दीक्षित, मंजू, निशा, नंदनी, प्रदेश मंत्री जिला महामंत्री युवा मोर्चा यतेंद्र फौजदार, सुमित शर्मा, पार्षद कुलदीप पाठक, मुनेश दीक्षित, गौरव भारद्वाज, अंकुर देवा प्रधान, सुशील अग्रवाल, ओंकार सिंह, अशोक यादव, प्रशांत चतुर्वेदी, धीरेंद्र सिंह, दिलीप अग्रवाल, राजा पंडित, मोनू गौतम, रजत, अंकुर शर्मा, दीपक नागर, अरविंद ठाकुर, कृष्णा आचार्य सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।