जनता के आशीर्वाद का जनादेश भाजपा को मिल रहा : सिद्धार्थनाथ सिंह
भाजपा मतगणना अभिकर्ता प्रशिक्षण सम्पन्न, दिया सफलता का मंत्र

प्रयागराज, 09 मार्च । मतगणना को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ गई है। बुधवार को विभिन्न दलों के प्रत्याशियों के आवास एवं कार्यालय में कार्यकर्ताओं का हुजूम देखने को मिला। प्रत्याशी व कार्यकर्ता मतगणना की तैयारी को लेकर जुटे रहे। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारी दी गई। इस दौरान सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि जनता के आशीर्वाद का जनादेश भाजपा को मिल रहा है।
10 मार्च को विभिन्न राजनीति दलों और आम नागरिकों को इंतजार है कि क्या भाजपा की पुनः सरकार बनेगी। फिर क्या समाजवादी पार्टी लौट सकती है। अब हर प्रयागराजवासियों की धड़कनें बढ़ गयी हैं। हालांकि लगभग 99 प्रतिशत एग्जिट पोल ने भाजपा की सरकार बनने का संकेत दिया है। वहीं दूसरी तरफ शहर पश्चिमी में भाजपा प्रत्याशी तथा मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह के राजापुर आवास पर मतगणना अभिकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया।
महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी ने विधानसभा शहर पश्चिमी के मतगणना अभिकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि बुधवार की रात गुरुवार की सुबह भाजपा के लिए शुभ हैं। मतगणना में नजर न चूकने पाए। भगवान श्री राम को ध्यान करके सक्रियता के साथ अंगद की तरह पांव जमाकर ईवीएम मशीन से निकलने वाले परिणाम को नोट करते रहें। उत्तर प्रदेश में भाजपा की लगातार दूसरी बार सरकार बनने जा रही है।
सिद्धार्थ नाथ सिंह ने मतगणना की बारीकियों से रूबरू कराते हुए हर पहलुओं पर प्रकाश डाला। कैसे बैलेट मतपत्र की गिनती होगी। किन-किन बारीकियों पर ध्यान देना होगा। निगाहें चूकनी नहीं चाहिए। आधे घण्टे बाद ईवीएम स्ट्रांग रूम से लाकर टेबल पर रखा जाएगी। वीपी पैट मशीन से मिलान और गिनती प्रारंभ से अंत तक हर प्रत्याशी के मतों को अपने निर्धारित प्रपत्र पर अंकित करते जाएंगे। प्रपत्र भरने के प्रारूप को विधिवत समझाया। जहां कहीं गड़बड़ी समझ में आए, तुरंत मतगणना अधिकारी को आपत्ति दर्ज जरूर कराएंगे। जब तक काउंटिंग खत्म न हो जाए, तब तक मतगणना अभिकर्ताओं को मतगणना स्थल पर डटे रहना है। उन्होंने आने वाली दिक्कतों से समाधान कराने में सफलता का मंत्र बताया। कहा कि जनता के आशीर्वाद का जनादेश भाजपा को मिल रहा है। हमें अनुशासित तरीके से काउंटिंग को जीत के साथ सम्पन्न कराना है।
इस मौके पर महानगर अध्यक्ष गणेश केसरानी, राघवेंद्र नाथ सिंह, पार्षद अखिलेश सिंह, राजेश कुशवाहा, दयाशंकर पाठक, रोहित नाथ सिंह, चंद्रभूषण सिंह पटेल, रीता साहू, रंजन शुक्ला, गौरव गुप्ता, प्रेम नारायण केसरवानी, ज्ञान बाबू केसरवानी, विक्रम सिंह पटेल, दिनेश पटेल, दीना नाथ कुशवाहा, राम लोचन साहू, अनिल कुशवाहा, शिव भारतीया, मिथलेश सिंह, रामजी शुक्ला, अजीत श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।