सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा में अल्का विश्वकर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया
सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा में अल्का विश्वकर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया
प्रयागराज, 06 नवंबर श्री मथुरा प्रसाद सरस्वती शिशु मंदिर गौसपुर नवावा कड़ा कौशांबी की कक्षा 6 की मेधावी छात्रा अल्का विश्वकर्मा ने सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रांत स्तर पर तृतीय स्थान प्राप्त कर अपने परिवार, विद्यालय और क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। यह जानकारी गुरुवार को विद्यालय के प्रबंधक सुरेंद्र कुमार त्रिपाठी ने दी।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित इस कठिन प्रतियोगिता में अल्का ने अपनी लगन और मेहनत से यह उच्च स्थान हासिल किया है। इस परीक्षा में विभिन्न जिलों से हजारों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया था, जिसमें अल्का ने शीर्ष तीन में जगह बनाकर अपनी असाधारण शैक्षणिक क्षमता का परिचय दिया है। प्रबंधक ने बताया कि सरस्वती प्रतिभा खोज परीक्षा का आयोजन फरवरी 2025 में हुआ था, जिसका परिणाम अभी प्राप्त हुआ। इस परिणाम में विद्यालय की छात्रा अल्का विश्वकर्मा ने प्रांत में तृतीय स्थान प्राप्त किया। यह उपलब्धि न केवल अल्का के उज्जवल भविष्य की ओर इशारा करती है, बल्कि अन्य छात्रों को भी कड़ी मेहनत के लिए प्रेरित करती है।
उन्हाेंने छात्रा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि, "अल्का शुरू से ही एक मेहनती और प्रतिभाशाली छात्रा रही है। हमें उसकी इस सफलता पर गर्व है और हम उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।"
विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि अल्का विश्वकर्मा ने यह सिद्ध कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और अथक प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उनकी यह सफलता विद्यालय के अन्य भैया बहनों के लिए एक प्रेरणा स्रोत है।
विद्यालय के सह व्यवस्थापक डॉ अनूप कुमार ने सभी बच्चों को देश के थल सेना प्रमुख का अभी हाल में आया उद्धबोधन का भी स्मरण कराया, जिसमें उन्होंने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं भी सरस्वती शिशु मंदिर का विद्यार्थी रहा हूं। अल्का भी एक दिन ऐसे ही शिशु मंदिर का नाम रोशन करेगी। आज विद्यालय में उत्साह का माहौल रहा।
वहीं छात्रा अल्का विश्वकर्मा ने इस सफलता का श्रेय अपने शिशु मंदिर के समस्त आचार्यों एवं अपने माता पिता को दिया है।
छात्रा अल्का की इस उपलब्धि पर विद्यालय के समस्त आचार्यगण चंद्र दत्त, शीतला शरण अवस्थी, दिलीप सेन, विजय तिवारी, कल्पना, दिव्या कोमल, सुचेता, रेखा सहित समस्त भैया बहन उपस्थिति रहें, सभी ने अल्का को बधाई देकर प्रसन्नता व्यक्त की।