प्यार के जाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन, आरोपित पहुंचा जेल
प्यार के जाल में फंसाकर धर्म परिवर्तन, आरोपित पहुंचा जेल
मीरजापुर, 6 नवंबर । चील्ह थाना क्षेत्र में एक किशोरी को बहला-फुसलाकर धर्म परिवर्तन कर शादी कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने किशोरी को सकुशल बरामद करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
चील्ह क्षेत्र के एक गांव की किशोरी के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका परिवार और आरोपित का परिवार हरियाणा के पानीपत में कालीन का काम एक साथ करते थे। इसी दौरान दोनों परिवारों में पहचान हो गई। इसी जान-पहचान का फायदा उठाते हुए आरोपित इश्तियाक अली पुत्र अशफाक निवासी गहरपुर, थाना गोपीगंज (भदोही) ने 28 अक्टूबर को किशोरी को बहला-फुसलाकर घर से भगा ले गया और धर्म परिवर्तन कराने के बाद उससे विवाह कर लिया।
किशोरी के गायब होने पर परिजनों ने चील्ह थाने में नामजद तहरीर दी। पुलिस ने टीम गठित कर खोजबीन शुरू की और गुरुवार सुबह आरोपित को भदोही के गोपीगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर किशोरी को बरामद किया।
पुलिस चौकी चेतगंज प्रभारी अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। किशोरी को चिकित्सीय परीक्षण के बाद परिजनों को सुपुर्द किया गया।